पूर्णिया के विधायक ने सीएम सम्राट से की मुलाकात, क्षेत्र के विकास पर हुई चर्चा...

पूर्णिया: सदर विधायक विजय खेमका ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पटना स्थित मुख्यमंत्री लोक सेवक आवास में शिष्टाचार मुलाकात कर सीमांचल एवं पूर्णिया के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान विधायक विजय खेमका ने पूर्णिया सहित पूरे सीमांचल क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आवश्यक योजनाओं पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने भाया पूर्णिया से परिचालित वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के समय-सारिणी में जनहित के अनुरूप परिवर्तन कराने का आग्रह किया। साथ ही गुवाहाटी–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन का वर्तमान कटिहार मार्ग बदलकर भाया पूर्णिया के रास्ते परिचालन कराए जाने की मांग भी रखी जिससे सीमांचल क्षेत्र के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिल सके।

विधायक ने पूर्णिया में उच्च न्यायालय का हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की आवश्यकता पर भी जोर देते हुए इसका प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने का मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। विधायक ने हाल ही में हाईकोर्ट के बेंच के विषय सहित रेल संबंधी मांगों को लेकर उनकी केंद्रीय रेल मंत्री एवं केंद्रीय कानून मंत्री के साथ सकारात्मक और सार्थक वार्ता हुई है जिसकी जानकारी भी उन्होंने मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधायक द्वारा बताए गए जनहित एवं विकास से जुड़े विषयों को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक पहल का आश्वासन दिया। इस अवसर पर विधायक विजय खेमका ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पूर्णिया आगमन का आग्रह भी किया जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया।

  

Related Articles

Post a comment