जन्माष्टमी बच्चों को हमारी संस्कृति, परंपरा और जीवन मूल्यों से जोड़ने का सुंदर अवसर है: डॉ शीतल देवा
- by Manjesh Kumar
- 03-Sep-2026
- Views
बेगूसराय: बेगूसराय माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पूरे उत्साह, उमंग और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी सुंदर प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, बाल लीलाओं और राधा-कृष्ण के प्रेम को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत एवं परिचय के साथ हुई। इसके बाद बच्चों ने “राधिका गोरी से”, “नटखट नटखट”, “कान्हा बंसी बजाए” और “कृष्ण गोविंद” जैसे भक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कक्षा 4 और 5 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत “आज का गोकुल” नाटक ने कृष्ण की लीलाओं के साथ आज के समाज से जुड़े संदेश को भी सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं विद्यार्थियों के भाषणों के माध्यम से श्रीकृष्ण के जीवन, उनके विचारों और उनके संदेशों पर प्रकाश डाला गया।
“कृष्ण जन्माष्टमी डांस ड्रामा”, “गोविंदा बोलो हरि गोपाल बोलो”, “राधा कैसे नाचेगी” और “मच गया शोर” जैसी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में रंग भर दिया। संगीत प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में हांडी एवं बांसुरी प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसी अवसर पर कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस भी उत्साहपूर्वक मनाया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति अपना प्रेम और सम्मान व्यक्त करते हुए विशेष गतिविधियों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षक दिवस को यादगार बनाया। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. शीतल देवा ने कहा की “जन्माष्टमी बच्चों को हमारी संस्कृति, परंपरा और जीवन मूल्यों से जोड़ने का सुंदर अवसर है। आज बच्चों ने जिस उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुतियाँ दीं, वह वास्तव में सराहनीय है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के भीतर रचनात्मकता और अच्छे संस्कारों को मजबूत करते हैं।”
विद्यालय के निदेशक डॉ मनीष देवा ने कहा की “बच्चों को अपनी संस्कृति से जोड़ना शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आज हमारे विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से जन्माष्टमी को यादगार बना दिया। हमारा प्रयास है कि बच्चे पढ़ाई के साथ अपनी कला, संस्कृति और मूल्यों को भी समझें और आगे बढ़ें।” कार्यक्रम ने बच्चों और अभिभावकों के बीच भक्ति, संस्कृति, रचनात्मकता और खुशी का सुंदर वातावरण बनाया। पूरे विद्यालय परिसर में “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष के साथ जन्माष्टमी उत्सव हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ।
बेगूसराय से प्रशांत कुमार की रिपोर्ट


Post a comment