मुजफ्फरपुर में दो दिनों तक बदला रहेगा ट्रैफिक रूट, शनिवार से इन सड़कों पर रहेगी वाहनों की 'नो एंट्री'

मुजफ्फरपुर: श्रावणी मेला के दौरान मुजफ्फरपुर के सुप्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए जिला प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। यातायात नियंत्रण के लिए रामदयालु नगर, कच्ची-पक्की चौक, गोबरसही चौक, भगवानपुर पुल, बैरिया गोलंबर, जीरो माइल, मिठनपुरा चौक तथा बनारस बैंक चौक से अति आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों के शहरी क्षेत्र में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहने वाला है। इसे लेकर DM कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधिक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने संयुक्त रूप से अधिकारियों के साथ बैठक कर सख्त दिशा निर्देश जारी किए हैं।

शहरी क्षेत्र के सरैयागंज टावर से गांधी चौक, छाता चौक, माखन साह चौक और पुरानी बाजार चौक तक का पूरा क्षेत्र सभी प्रकार के वाहनों के लिए नो-एंट्री जोन रहेगा। यह विशेष यातायात व्यवस्था श्रावण माह के प्रत्येक शनिवार दोपहर 2 बजे से सोमवार दोपहर 2 बजे तक प्रभावी रहेगी। कांवरियों के वाहनों की पार्किंग के लिए लंगट सिंह कॉलेज परिसर, सरकारी बस स्टैंड इमलीचट्टी तथा बैरिया बस पड़ाव को चिन्हित किया गया है। प्रशासन द्वारा मुजफ्फरपुर के अलावा उत्तर बिहार के दूसरे जिले से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट भी निर्धारित किए गए हैं। मुजफ्फरपुर से पटना जाने वाले सभी वाहन सदातपुर से न्यू बाईपास, मधौल रोड, रेवा रोड, पताही फ्लाईओवर के नीचे से सरैया, मणिकपुर, वैशाली, लालगंज होते हुए हाजीपुर अंजानपीर चौक के रास्ते पटना जाएंगे।

वहीं, पटना से मुजफ्फरपुर आने वाले वाहन दिग्घीकला चौक, महुआ रोड, काजीइंडा चौक, कच्ची-पक्की चौक और खबड़ा होते हुए भगवानपुर पहुंचेंगे। यहां से वाहन दरभंगा, मोतिहारी, शिवहर और सीतामढ़ी की ओर जाएंगे। बरौनी और समस्तीपुर से आने-जाने वाले वाहन सीधे भगवानपुर चौक की ओर परिचालित होंगे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में किसी भी प्रकार के वाहन को पटना रोड में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है। दरअसल, मुजफ्फरपुर से पटना जाने वाले वाहन मुजफ्फरपुर हाजीपुर फोरलेन के रास्ते पटना जाते हैं, लेकिन इस रूट में पहलेजा घाट से जल भरकर कर बाबा गरीब नाथ धाम आने वाले कांवरिए हाजीपुर इसी मार्ग से मुजफ्फरपुर पहुंचते हैं। इसलिए इस रूट को शनिवार से लेकर सोमवार तक के लिए वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दिया जाता है।

मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment