सावन की तीसरी सोमवारी और नागपंचमी के अवसर पर बाबा गोरखनाथ धाम पहुंचे सांसद तारिक अनवर
- by Manjesh Kumar
- 17-Aug-2026
- Views
कटिहार: सावन की तीसरी सोमवारी एवं नागपंचमी के शुभ अवसर पर कटिहार जिले के ऐतिहासिक बाबा गोरखनाथ धाम मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इसी क्रम में कांग्रेस सांसद तारिक अनवर भी मंदिर पहुंचे और बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। उनके साथ जिलाध्यक्ष सुनील यादव, नगीना यादव, गोरखपुर पंचायत के मुखिया कबीर अहमद सीमा यादव सहित कई लोग मौजूद रहे। मंदिर पहुंचने पर मंदिर कमेटी के सचिव पिंटू यादव, उपाध्यक्ष अक्षय कुमार सिंह एवं पदेन अध्यक्ष सह एसडीओ राजू कुमार ने सांसद तारिक अनवर का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।
इस दौरान सांसद ने कहा कि बाबा गोरखनाथ धाम से उनका वर्षों से अलग ही लगाव रहा है। जब भी यहां आने का अवसर मिलता है, वे बाबा के दर्शन के लिए जरूर पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु आते हैं और लोगों की गहरी आस्था बाबा गोरखनाथ धाम से जुड़ी हुई है। सावन की सोमवारी को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बारसोई एसडीओ राजू कुमार, इंस्पेक्टर तरुण कुमार तरुणेश्वर, बीडीओ सरोज कुमार, सीओ अजय कुमार सिंह, थाना अध्यक्ष कुमारी जूली सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी एवं मंदिर कमेटी के सदस्य व्यवस्था संभालते नजर आए। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पूरे परिसर में सीसीटीवी की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।


Post a comment