शराबबंदी वाले बिहार में नशा को लेकर लगातार जारी कार्रवाई के बीच नशेड़ियों का जमावड़ा सवालों के घेरे में

शेखपुरा: जिले में शराबबंदी के बावजूद शराब से जुड़ी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बरबीघा, चेवाड़ा और सिरारी थाना क्षेत्रों में पुलिस एवं मद्य निषेध की कार्रवाई में कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि देसी और चुलाई शराब भी बरामद हुई। बरबीघा नगर परिषद क्षेत्र में सुधा डेयरी और किड्स प्ले स्कूल के पास शराब के नशे में सड़क किनारे पड़े तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, तीनों इतनी नशे की हालत में थे कि ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे। लोगों का कहना है कि आसपास स्कूल और सरकारी कार्यालय होने के बावजूद इस तरह की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं।

नियमित पुलिस गश्ती को लेकर भी लोगों ने सवाल उठाए हैं। वहीं, चेवाड़ा थाना क्षेत्र के बेलदारी में छापेमारी कर पुलिस ने राजन चौधरी को चार लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार के अनुसार, सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। इधर, सिरारी थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर और बाजिदपुर में उत्पाद पुलिस ने छापेमारी कर शंभू यादव और त्रिपुरारी राम को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से कुल 10 लीटर चुलाई शराब बरामद हुई। उत्पाद थानाध्यक्ष अमित आनंद के अनुसार, दोनों पर उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। लगातार हो रही इन कार्रवाई के बीच सवाल है कि शराबबंदी के बावजूद शराब की उपलब्धता और सार्वजनिक रूप से नशे की घटनाएं आखिर कब थमेंगी।

  

Related Articles

Post a comment