आगामी नवरात्रि पर्व को लेकर पुलिस सख्त, DJ और हथियारों के प्रदर्शन पर रोक, पूजा पंडालों में CCTV अनिवार्य

मुजफ्फरपुर: आगामी नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा को लेकर जिले के बेनीबाद थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूजा समितियों को पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

DJ पर रहेगा प्रतिबंध, आधी रात के बाद तेज आवाज में बाजा बजाने पर रोक

बैठक में स्पष्ट किया गया कि दुर्गा पूजा के दौरान DJ बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। वहीं आधी रात के बाद तेज आवाज में बाजा बजाने की भी अनुमति नहीं होगी। पुलिस ने पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।

विसर्जन जुलूस में हथियारों के प्रदर्शन पर रोक

प्रतिमा विसर्जन के दौरान निकलने वाले जुलूस में हथियार, अग्नेयास्त्र, तलवार या अन्य किसी हथियार के प्रदर्शन पर रोक रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पूजा एवं विसर्जन के दौरान किसी भी तरह की ऐसी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी, जिससे इलाके में तनाव या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो।

पूजा समितियों को देना होगा रूट मैप, लाइसेंस भी जरूरी

पुलिस के अनुसार कलश यात्रा और प्रतिमा विसर्जन जुलूस का रूट मैप पहले से उपलब्ध कराना होगा। इसके साथ ही पूजा आयोजन के लिए पूजा समितियों को आवश्यक लाइसेंस लेना होगा।

हर पूजा पंडाल में CCTV से होगी निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी पूजा पंडालों में CCTV कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है। मेले और पूजा पंडालों के आसपास पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी.

उचक्कों, मनचलों और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर

थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि मेले के दौरान सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिसकर्मी उचक्कों, मनचलों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखेंगे।

पहले से विवादित लोगों पर कार्रवाई

थानाध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में पहले से विवादित रहे करीब दर्जनों लोगों के खिलाफ BNSS की धारा 126 के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का उद्देश्य नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकना है। थानाध्यक्ष ने लोगों से अपील की कि नवरात्रि और दुर्गा पूजा का पर्व शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। बैठक में एसआई संजय सिंह, लदौड़ पंचायत मुखिया प्रतिनिधि रंजीत सिंह, जाँता पंचायत समिति प्रतिनिधि देवनन्दन साह, भरत नगर पूजा समिति के जयराम यादव, काँटा मुखिया प्रतिनिधि संतोष कुमार महतो, सरपंच प्रतिनिधि लालमोहन मिश्रा, अखिलेश यादव, प्रभाकर रंजन, जय प्रकाश झा समेत विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे

मुजफ्फरपुर से रुपेश कुमार की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment