अपनी सीट बचाने खुद ही मैदान में उतरेंगे BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष, दो दिवसीय दौरे पर एनडीए नेताओं के साथ करेंगे रणनीति पर चर्चा
- by Manjesh Kumar
- 08-Jul-2026
- Views
पटना: बिहार की राजधानी पटना का हाई प्रोफाइल विधानसभा सीट बाकीपुर उप चुनाव को लेकर पीके की जन सुराज, राजद सहित सभी पार्टियां अपना पूरा दमखम लगाने वाली है। एक तरफ प्रशांत किशोर ने जन संपर्क करना शुरू कर दिया है तो दूसरी तरफ अपनी सीट बचाने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन खुद ही रणनीति बनाने पटना आ रहे हैं। इस सीट पर भाजपा ने पहले ही अभिषेक कुमार को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। अब जानकारी के अनुसार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष 9 जुलाई को दो दिवसीय दौरा पर पटना आने वाले हैं। इस दौरान वे अभिषेक कुमार के नामांकन में भी शामिल हो सकते हैं वहीं एनडीए के अन्य घटक दलों के नेताओं के साथ रणनीति पर चर्चा भी करेंगे।
बता दें कि बांकीपुर सीट लंबे समय से बीजेपी का मजबूत गढ़ रही है। खुद नितिन नवीन यहां से कई बार विधायक रह चुके हैं। उनके राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हुई थी, जिसके बाद अब यहां उप चुनाव होने जा रहा है। ऐसे में बीजेपी इस सीट को किसी भी कीमत पर बचाना चाहती है। पार्टी अध्यक्ष का पटना दौरा इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन 9 जुलाई को दो दिवसीय बिहार दौरे पर पटना आएंगे। 10 जुलाई को वे वापस लौटेंगे। बांकीपुर उपचुनाव की घोषणा के बाद यह उनका पहला बिहार दौरा होगा। पटना पहुंचने के बाद वे सबसे पहले महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, इसके बाद बांकीपुर से बीजेपी प्रत्याशी अभिषेक बंटी के समर्थन में होने वाली सभा में शामिल हो सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार नितिन नवीन अभिषेक बंटी के नामांकन कार्यक्रम में भी मौजूद रह सकते हैं। इसके बाद वे बिहार बीजेपी के बड़े नेताओं के साथ बैठक करेंगे। बैठक में बांकीपुर उपचुनाव की रणनीति और राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा होगी। 10 जुलाई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सरकारी आवास पर एनडीए जिलाध्यक्षों की बैठक होनी है। नितिन नवीन इस बैठक में भी शामिल हो सकते है। इस दौरान चुनावी तैयारियों और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा होगी।
बांकीपुर सीट पर इस बार मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। बीजेपी ने अभिषेक बंटी को मैदान में उतारा है, वहीं प्रशांत किशोर जन सुराज के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा गुप्ता को प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में बीजेपी के लिए यह सीट बचाना आसान नहीं माना जा रहा है। उम्मीदवार घोषित होने के बाद नितिन नवीन ने सोशल मीडिया पर अभिषेक कुमार ‘बंटी’ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता ने उन्हें सेवा का मौका दिया था और अब अभिषेक बंटी को भी जनता का आशीर्वाद मिलेगा।


Post a comment