पंचायत स्तर पर लोगों की समस्या का हो त्वरित समाधान - विजय खेमका
- by Manjesh Kumar
- 26-Jul-2026
- Views
पूर्णिया: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की महत्वाकांक्षी पंचायत विकास दिवस योजना अंतर्गत रानीपतरा पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में विधायक विजय खेमका शामिल हुए। डीडीसी अंजनि कुमार सिंह ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं तथा विकास संबंधी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज किया। विधायक विजय खेमका ने कहा कि पंचायत विकास दिवस के कार्यक्रम में प्रातः 10 बजे से 11 बजे तक पंचायत में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति एवं कार्यान्वयन में आ रही कठिनाइयों पर चर्चा करना, 11 बजे से 11:30 बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का प्रसारण तथा इसके बाद 11:30 बजे से 12 बजे तक ग्राम विकास से जुड़ी नई योजनाओं एवं स्थानीय आवश्यकताओं को सूचीबद्ध कर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्यान्वयन करना है।
विधायक खेमका ने कहा पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा, जनसमस्याओं का त्वरित समाधान तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इससे पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों की प्राथमिकता तय की जा सकेगी। विधायक ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ग्रामोदय की सोच को साकार करने के लिए ग्राम विकास की योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है, जिससे किसान, मजदूर, श्रमिक, स्थानीय उत्पादन, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित सभी क्षेत्रों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से यह कार्यक्रम गांवों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम बन रहा है।
विधायक ने सभी नागरिकों से अपील की कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले पंचायत विकास दिवस में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें, ताकि पंचायत की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाएं तय हों और गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने सभी अधिकारी से भी कहा कि सरकार की योजना और विभाग के निर्देशानुसार सक्रियता के साथ पंचायत विकास दिवस के कार्यक्रम को सम्पन्न करावें।


Post a comment