पार्षद पति पर गोलीबारी का साजिशकर्ता उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार, चुनावी रंजिश में दिया था घटना को अंजाम
- by Manjesh Kumar
- 29-Sep-2026
- Views
पटना: राजधानी पटना के बुद्धा कॉलोनी में पार्षद पति अनिल यादव पर जान मारने की नियत से गोलीबारी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में सामने आई है कि आपसी रंजिश की वजह से घटना को अंजाम दिया गया था। मामले में पुलिस सूत्रों के अनुसार अनिल यादव पर गोली बारी चुनावी रंजिश में करायी गयी थी। इसके लिए शूटर को 15 लाख रुपये की सुपारी दी गयी थी। इसमें से पांच लाख एडवांस के तौर पर दी गयी थी। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की अहम जानकारी जुटाने में लगी।
पार्षद पति अनिल यादव और मास्टरमाइंड शंकर यादव दोनों एक ही मोहल्ले के रहनेवाले हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच चुनाव के समय से ही विवाद चल रहा है। पुलिस की माने तो शंकर यादव ने राहुल साहनी उर्फ नीरज से संपर्क किया था। इसके बाद राहुल साहनी ने ही गोलीबारी की पूरी साजिश रची थी। घटना के बाद चार शूटरों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस की जांच में सामने आया कि 23 सितंबर को एक शूटर बाइक से पहुंचा। वहीं राहुल के कहने पर चंदन नाम के युवक ने दो अन्य शूटरों को ऑटो से भेजा। उसके बाद ऑटो चालक शंभू ने दोनों शूटरों को मंदिर के पास उतार दिया। इसके बाद दोनों कुछ दूर पैदल चले और फिर चोरी की बाइक से घटनास्थल तक पहुंच गये।
गोलीबारी की घटना में राहुल साहनी का भाई अमित साहनी ने भी सहयोग किया था। पुलिस के अनुसार, राहुल राजीवनगर रोड संख्या 20 में पहले ठेला लगाता था। फिलहाल वह पूजा-पाठ का सामान बेचता है. चंदन उसी के यहां स्टाफ के रूप में काम करता है। राहुल साहनी उर्फ नीरज का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ आठ से अधिक मामले दर्ज हैं। चंदन भी पूर्व में शूटर रह चुका है। 2012 से राहुल अपराध की दुनिया में सक्रिय बताया जा रहा है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पिस्टल, कट्टा और ऑटो बरामद कर लिया है। फरार शूटरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। वारदात का सीसीटीवी भी सामने आया है, जहां एक बाइक पर 3 अपराधी दिख रहे हैं। 2 के हाथ में पिस्टल है, जिससे फायरिंग की गई. बाइक सवार 3 शूटर पहुंचे।


Post a comment