वन विभाग का पेड़ काट माफियाओं ने किया गायब, शिकायत के एक सप्ताह बाद भी कार्रवाई नहीं
- by Manjesh Kumar
- 25-Jun-2026
- Views
पूर्णिया: जिले के बनमनखी अनुमंडल क्षेत्र के नगर पंचायत जानकीनगर स्थित कोशी परिसर से अवैध रूप से विशाल पेड़ों की कटाई कर उसे गायब कर देने का मामला प्रकाश में आया है। शिकायतकर्ता दुर्गानंद झा ने वीडियो जारी कर अवैध पेड़ की कटाई पर कोई कार्रवाई ना होते देख वन विभाग प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि एक सप्ताह बीत चुका है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अनुमंडल से लेकर जिले के तमाम अधिकारियों को आवेदन दिया जा चुका है लेकिन कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति हो रही है।
सिंचाई विभाग के एसडीओ आवास के निकट सेमल एवं शीशम का दो विशालकाय छायादार पेड़ अज्ञात लोगों के द्वारा दिन के उजाले में कटवाकर एवं उसे गायब कर देने का मामला उजागर हुआ था। आवेदक दुर्गानंद झा ने इस संबंध में सिंचाई विभाग बनमनखी के प्रमंडल कार्यपालक पदाधिकारी, वन क्षेत्र अधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देकर अवैध रूप से पेड़ों की कटाई तथा लाखों रूपए राजस्व की सेंधमारी करनेवाले लोगों के विरूद्ध समुचित कार्रवाई करने की मांग की।
प्रशासन ने कार्रवाई का भरोसा दिया था। वन विभाग के पदाधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता के आवेदन के आलोक में एक व्यक्ति पर एफआईआर दर्ज किया गया है। कार्रवाई के दौरान शीशम का पेड़ बरामद किया गया है वन पदाधिकारी ने कहा कि इस कार्य में जो भी लोग संलिप्त है उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।


Post a comment