20-20 घंटे होती थी फोन पर बात, युवक ने शादी से इंकार तो युवती कूद गई ट्रेन के आगे फिर तो...
- by Manjesh Kumar
- 31-Jul-2026
- Views
शेखपुरा: जिले में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शादी से इनकार किए जाने के बाद एक युवती ने कथित रूप से ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। शुक्रवार की सुबह गया–किउल रेलखंड पर एकसारी रेलवे गुमटी के समीप ट्रेन से कटकर एक अज्ञात युवती की मौत हुई थी। करीब पांच घंटे बाद शव की पहचान अरियरी थाना क्षेत्र के राजौरा गांव निवासी मुरारी यादव की पुत्री खुशबू कुमारी के रूप में हुई। मृतका के फूफा रामसागर यादव ने बताया कि खुशबू की शादी नगर थाना क्षेत्र के इंदाय मोहल्ला निवासी भोनू यादव के पुत्र संजीत कुमार से तय हुई थी। उनका आरोप है कि रिश्ता तय होने के बाद दोनों के बीच लगातार फोन पर बातचीत होती थी। युवक ने बातचीत के लिए युवती को नया मोबाइल भी खरीदकर दिया था।
परिजनों का दावा है कि दोनों के बीच कई-कई घंटे, यहां तक कि 20-20 घंटे तक फोन पर बातें होती थीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि युवक कई बार खुशबू को चेवाड़ा और शेखपुरा के होटल में अकेले मिलने के लिए बुलाता था, लेकिन युवती वहां जाने से इनकार करती थी। अचानक युवक ने शादी करने से मना कर दिया। इस सदमे को खुशबू बर्दाश्त नहीं कर सकी और मानसिक तनाव में आकर उसने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। रामसागर यादव ने आरोप लगाया कि शादी के लिए लड़के पक्ष को अब तक करीब आठ लाख रुपये दहेज के रूप में दिए जा चुके थे। उन्होंने कहा कि युवक और उसके पिता के खिलाफ नगर थाना में लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आत्महत्या के वास्तविक कारणों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


Post a comment