भाजपा कार्यालय में नेताओं ने सुनी पीएम के मन की बात, पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा 'जन भागीदारी और राष्ट्रनिर्माण का...'
- by Manjesh Kumar
- 30-Aug-2026
- Views
पटना: भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने रविवार को बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का 137वां एपिसोड सुना। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रविशंकर प्रसाद ने कहा कि 'मन की बात' केवल एक संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों को एक सूत्र में जोड़ने वाला सशक्त जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरक संदेशों से देशवासियों में राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा मिलती है।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें देश के आम नागरिकों की असाधारण उपलब्धियों और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले प्रयासों को स्थान मिलता है। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों को प्रधानमंत्री ने इसके जरिए जनआंदोलन का रूप दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस मौके पर राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभु, विधान परिषद सदस्य संजय मयूख, प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर व नितिन अभिषेक, प्रदेश उपाध्यक्ष हरिभूषण ठाकुर बचौल व प्रणव यादव, विधायक महेश पासवान, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश रूंगटा, महिला आयोग की सदस्य पिंकी कुशवाहा, मृत्युंजय तिवारी, मुख्यालय प्रभारी अक्षय कुमार, प्रदेश प्रवक्ता सुहेली मेहता समेत कई प्रमुख नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।


Post a comment