रेलवे संसदीय मंडल समिति की बैठक में सांसद पप्पू यादव ने उठाई जनहित की कई मांगें

पटना: पटना के महेंद्रू घाट में पूर्व मध्य रेलवे, समस्तीपुर मंडल की संसदीय मंडल समिति की बैठक में पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद पप्पू यादव शामिल हुए। बैठक के दौरान उन्होंने कोसी-सीमांचल सहित बिहार के यात्रियों की सुविधाओं और रेलवे विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। सांसद पप्पू यादव ने कहा कि रेलवे की योजनाओं में आम यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने हाटे बाजारे एक्सप्रेस को सप्ताह के सातों दिन चलाने, जनहित एक्सप्रेस को पटना से रात्रि में करने, पटना से पूर्णिया के बीच रात्रिकालीन ट्रेन सेवा शुरू करने तथा एमएमयू सेवा से क्षेत्रों को जोड़ने की मांग रखी।

उन्होंने कुशेश्वर स्थान–सिंहेश्वर स्थान और कुर्सेला–बिहारीगंज रेल परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की। साथ ही दिल्ली के लिए वंदे भारत ट्रेन सेवा शुरू करने, पूर्णियाँ से रांची के लिए नई ट्रेन देने और कोटा के लिए ट्रेन चलाने की आवश्यकता बताई। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी और कोटा जाने वाले छात्रों की सुविधा के लिए भी बेहतर रेल संपर्क की मांग की गई। सांसद ने मधेपुरा-बनमनखी रेलखंड पर गोलीकांड में हुई घटना की जांच कराने की मांग उठाते हुए यात्रियों की सुरक्षा पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा मजबूत होनी चाहिए। महिला यात्रियों के लिए अलग बाथरूम, महिला वेटिंग हॉल, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और जनरल डिब्बों की संख्या बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने देवघर, सिंहेश्वर स्थान, कुशेश्वर स्थान और गरीब स्थान जैसे धार्मिक स्थलों को जोड़ते हुए शिव कॉरिडोर की तर्ज पर रेलवे कनेक्टिविटी विकसित करने की मांग भी रखी।

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि पूर्णिया और कोसी के लोगों की वर्षों पुरानी मांगों को पूरा करना रेलवे की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। कटिहार से पूर्णियां होते सहरसा के लिए दो पसैजंर ट्रेन चलने की मांग की है।

  

Related Articles

Post a comment