रील के चक्कर में दो युवती की जान जाते जाते बची, आसपास मौजूद लोगों ने बचाया
- by Manjesh Kumar
- 31-Aug-2026
- Views
बेगूसराय: प्रकृति के साथ छेड़छाड़ अक्सर लोगों को भारी पड़ा है और खास कर रील बनाने के चक्कर में लोग अपनी जान भी गंवा रहे हैं। ऐसा ही कुछ मंजर देखने को मिला बेगूसराय के बलिया प्रखंड अंतर्गत लखमिनियां- मसूदनपुर पथ के चेचियाही ढाब पर जहां रील के चक्कर में दो सगी बहनों की जान जाते जाते बची। बताया जा रहा है कि नगरगामा की दो महिला सगी बहनें बाढ़ के पानी में उतर गईं और सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने लगी। तीसरी महिला किनारे खड़ी होकर मोबाइल से शूटिंग कर रही थी। तभी... गंगा की खौफनाक धार ने अपना असली रूप दिखाया, एक ज़ोरदार लहर आई और पलक झपकते ही दोनों बहनें तेज़ बहाव में समा गईं।
शुरुआत में किनारे खड़े लोग समझे कि वे तैर रही हैं, लेकिन जैसे ही बीच धार से "बचाओ-बचाओ" की चीखें गूंजीं, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मौत बिल्कुल सामने खड़ी थी, लेकिन तभी स्थानीय युवक गौरव कुमार और अन्य ग्रामीणों ने देवदूत बनकर उफनती लहरों में छलांग लगा दी। नाविक और ग्रामीणों की सूझबूझ से दोनों महिलाओं को सही सलामत पानी से बाहर खींच लिया गया। इस अफरा-तफरी में मोबाइल भी नदी में समा गया, पर राहत की बात यह रही कि दो जिंदगियां बच गईं। घायल महिलाओं को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।


Post a comment