रोजगार महाकुंभ में 7 हजार से अधिक युवाओं का चयन, सांसद पप्पू यादव ने वितरित किया नियुक्ति पत्र
- by Manjesh Kumar
- 30-Aug-2026
- Views
पूर्णिया: शहर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में सांसद पप्पू यादव की पहल पर भव्य रोजगार मेला का आयोजन किया गया, जिसमें रोजगार की उम्मीद लेकर पूर्णिया, सहरसा, कटिहार, अररिया, मधेपुरा और सुपौल से 10 हजार से अधिक युवा एवं महिला अभ्यर्थी मेले में पहुंचे। इस दौरान 50 से अधिक विभिन्न कंपनियों द्वारा 7882 हजार से अधिक युवाओं का चयन किया गया, जिन्हें सांसद पप्पू यादव ने नियुक्ति पत्र प्रदान किया। चयनित अभ्यर्थियों में 40 प्रतिशत महिला अभ्यर्थी शामिल रहीं। मेले में एशियन पेंट्स सहित मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की 30 से अधिक कंपनियों तथा ब्लू डार्ट, राइडर सिक्युरिटी सहित 50 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि यह रोजगार मेला खासकर महिला अभ्यर्थियों और आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी बेरोजगार युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्णिया के युवाओं में प्रतिभा और काम करने का जज्बा है, जरूरत केवल उन्हें सही अवसर उपलब्ध कराने की है। युवाओं के इसी समर्पण और मेहनत को रोजगार से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य पूर्णिया में अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ना है, ताकि उन्हें बेरोजगारी के दंश से बाहर निकाला जा सके। इसी उद्देश्य से अब हर छह महीने में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा और आने वाले समय में एक लाख युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
सांसद ने कहा कि ‘प्रणाम पूर्णिया, सलाम पूर्णिया और जोहार पूर्णिया’ के संकल्प के तहत अब तक 25 हजार से अधिक लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक मदद की जा चुकी है। रक्षाबंधन के अवसर पर 25 परिवारों को करीब 22 लाख रुपये की चप्पल बनाने वाली मशीन उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि रोजगार के साथ शिक्षा और तकनीकी कौशल पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आगामी महीने में 60 से अधिक गरीब एवं मेधावी बच्चों को लैपटॉप दिए जाएंगे। वहीं पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र की 60 से अधिक बेटियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मांग आधारित ऑनलाइन ट्रेनिंग दिलाने की योजना है, जिसमें वे Coursera, Google और IIT जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से प्रशिक्षण एवं प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकेंगी। पप्पू यादव ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की रोजगारयुक्त भारत की मुहिम से उन्होंने अपने ‘हर हाथ रोजगार, पूर्णिया’ के सपने को जोड़ा है। रोजगार मेले में 32 युवाओं का चयन गल्फ देशों में रोजगार के लिए हुआ है, जबकि अभ्यर्थियों को चार लाख रुपये तक के पैकेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को वे एक-एक कर पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। सांसद ने कहा कि यह आयोजन केवल रोजगार मेला नहीं, बल्कि पूर्णिया के युवाओं की मेहनत, प्रतिभा और भविष्य के प्रति उनके विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि रोजगार पाने वाले युवा अपने परिश्रम और ईमानदारी से अपने परिवार के साथ-साथ पूर्णिया का नाम भी रोशन करें।


Post a comment