छात्रों के आगे सरकार को झुकना पड़ा लेकिन आंदोलन खत्म नहीं हुआ, छात्र संगठनों ने कहा वापस लेना होगा FIR
- by Manjesh Kumar
- 26-Jul-2026
- Views
पटना: छात्र–युवा आंदोलन के बाद सरकार के झुकने को आइसा और आरवाईए ने ऐतिहासिक जीत बताया है। पटना में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में नेताओं ने कहा कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक आंदोलनकारियों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस नहीं लिए जाते। पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारियों की भी कड़ी निंदा की गई। साथ ही 30 जुलाई को पूरे बिहार में विरोध दिवस और पालीगंज में चक्का जाम का ऐलान किया गया। पटना में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आरवाईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह, शिवप्रकाश रंजन, जेएनयूएसयू के पूर्व अध्यक्ष नीतीश कुमार, सबीर कुमार समेत अन्य नेताओं ने कहा कि छात्र–युवा आंदोलन के दबाव में सरकार को झुकना पड़ा, लेकिन पुलिस अब भी दमनात्मक कार्रवाई कर रही है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि समझौते के बावजूद आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए और सिवान व छपरा समेत कई जगहों पर छात्र नेताओं के घरों पर छापेमारी की जा रही है। नेताओं ने विधायक संदीप सौरभ, आइसा के राज्य अध्यक्ष धनंजय, राज्य सचिव दीपकर मिश्र, राज्य उपाध्यक्ष सबा आफरीन, छात्र नेता कुमार दिव्यम समेत गिरफ्तार सभी छात्र नेताओं की बिना शर्त रिहाई की मांग की। साथ ही राजद नेता तेज प्रताप यादव और विधायक गौतम कृष्ण की गिरफ्तारी की भी निंदा की।
आइसा और आरवाईए ने घोषणा की कि 27 जुलाई से आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा दो दिवसीय बिहार दौरे पर आएंगी। वह जेल में बंद नेताओं और घायल छात्रों से मुलाकात करेंगी। इसके अलावा 30 जुलाई को पूरे बिहार में विरोध दिवस और पालीगंज में चक्का जाम कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।


Post a comment