सरकारी बंदोबस्ती भूमि पर पक्का मकान, शिकायत मिलते ही जांच के लिए पहुंचा राजस्व अमला
- by Manjesh Kumar
- 28-Sep-2026
- Views
कटिहार: शिशिया पंचायत के कालिकापुर मौजा में बंदोबस्ती भूमि पर कथित रूप से पक्का मकान निर्माण और दूसरे की निजी जमीन तक पहुंचने का रास्ता बाधित करने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर कठौतिया निवासी मुहम्मद फारूक ने अंचलाधिकारी मनीष कुमार को आवेदन देकर निर्माण कार्य पर रोक लगाने, स्थल जांच कराने और भूमि की मापी कराने की मांग की है। शिकायत के बाद अंचल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व कर्मचारी को स्थल जांच के लिए भेजा है। आवेदक के अनुसार उनकी खाता संख्या 68, खेसरा संख्या 457 की जमीन तक आने-जाने का रास्ता प्रभावित किया जा रहा है। आरोप है कि अबेदुर रहमान द्वारा इसके समीप खाता संख्या 285, खेसरा संख्या 456 की जमीन पर पक्का मकान का निर्माण कराया जा रहा है। फारूक का दावा है कि खेसरा संख्या 456 की जमीन बिहार सरकार की ओर से स्व मो खालिद के नाम बंदोबस्त है और निर्माण कराने वाले व्यक्ति के पास उक्त भूमि पर अधिकार संबंधी वैध दस्तावेज नहीं है।
आवेदक ने आशंका जताई है कि यदि निर्माण कार्य जारी रहा तो उनकी जमीन तक आने-जाने का रास्ता पूरी तरह बाधित हो सकता है। उन्होंने जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य पर रोक लगाने तथा आवागमन का रास्ता सुरक्षित कराने की मांग की है। सीओ मनीष कुमार ने बताया कि कालिकापुर मौजा से संबंधित आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन में बंदोबस्त भूमि पर कथित अतिक्रमण कर पक्का मकान निर्माण की शिकायत की गई है। मामले की स्थल जांच के लिए राजस्व कर्मचारी को भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद अभिलेख और स्थल की स्थिति के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। आवेदक ने बताया कि मामले को लेकर पूर्व में ऑनलाइन शिकायत भी की जा चुकी है। अब राजस्व जांच की रिपोर्ट पर मामले की अगली कार्रवाई निर्भर करेगी।


Post a comment