पहली किस्त लेने के बाद भी आवास निर्माण शुरू नहीं करने वाले लाभुक हो जाएं सावधान, कार्रवाई हो गई है शुरू...

कटिहार: प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पहली किस्त की राशि प्राप्त करने के बावजूद अब तक आवास निर्माण शुरू नहीं करने वाले लाभुकों के खिलाफ बरारी प्रखंड प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। ऐसे लाभुकों को चिन्हित कर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसकी शुरुआत शीशियां पंचायत से की गई है, जहां कई लाभुकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस प्राप्त करने वाले लाभुकों में फोजलतुन निशा, खैरून निशा, रजेदी खातून एवं रंजीत महतो शामिल हैं। इन सभी ने प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त प्राप्त कर ली है, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी आवास निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी धीरेन्द्र कुमार धीरज ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की महत्वाकांक्षी योजना है। पहली किस्त प्राप्त करने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं करना योजना के नियमों का उल्लंघन है। ऐसे सभी लाभुकों को तत्काल निर्माण कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया है। यदि निर्धारित समय के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं पंचायती राज पदाधिकारी राजकुमार सिंह ने कहा कि यह कार्रवाई केवल शीशियां पंचायत तक सीमित नहीं रहेगी। बरारी प्रखंड की सभी पंचायतों में ऐसे लाभुकों की पहचान की जा रही है, जिन्होंने पहली किस्त लेने के बावजूद आवास निर्माण शुरू नहीं किया है। ऐसे सभी लाभुकों को नोटिस जारी किया जाएगा। यदि इसके बाद भी निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होता है तो योजना के प्रावधानों के अनुसार अगली किस्त पर रोक, राशि की वसूली सहित अन्य विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

प्रखंड प्रशासन ने सभी आवास लाभुकों से अपील की है कि यदि आपने प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त प्राप्त कर ली है और अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है, तो बिना किसी विलंब के तत्काल निर्माण कार्य प्रारंभ करें। यह सूचना पूरे बरारी प्रखंड के सभी आवास लाभुकों के लिए है। समय रहते निर्माण कार्य शुरू नहीं करने वाले लाभुकों के विरुद्ध प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।

  

Related Articles

Post a comment