श्रावणी मेला में कांवरियों की सेवा के लिए शिविर का उद्घाटन 30 जुलाई को, कमिटी ने की बैठक
- by Manjesh Kumar
- 08-Jul-2026
- Views
पूर्णिया: श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले कांवरियों की सेवा के उद्देश्य से पिछले 13 वर्षों से संचालित होकर 14वें वर्ष में प्रवेश कर रहे 30 दिवसीय निःशुल्क पूर्णिया सेवा शिविर का भव्य उद्घाटन 30 जुलाई को होगा। सुल्तानगंज देवघर मुख्य मार्ग स्थित कटोरिया विश्वकर्मा नगर (बांका) में आगाज होगा। शिविर का संचालन 24 अगस्त तक लगातार 30 दिनों तक किया जाएगा। शिविर की तैयारी को लेकर गुलाबबाग जीरोमाइल स्थित होटल साइन में ट्रस्टी सदस्य व्यवसायी संघ अध्यक्ष श्रवण कुमार उर्फ बबलू चौधरी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिविर के सफल संचालन, सेवा व्यवस्था, स्वयंसेवकों की जिम्मेदारी, चिकित्सा सुविधा, भोजन, आवास, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही विभिन्न कार्यों के लिए ट्रस्टी सदस्यों एवं स्वयंसेवकों के बीच जिम्मेदारियों का वितरण किया गया।
उपस्थित सदस्यों ने इस वर्ष भी अधिक से अधिक कांवरियों की निःस्वार्थ सेवा करने का संकल्प लिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए ट्रस्टी सदस्य श्रवण कुमार उर्फ बबलू चौधरी ने कहा कि श्रावणी मेला में आने वाले शिवभक्तों की सेवा करना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। पिछले 13 वर्षों से समाज के सभी वर्गों के सहयोग से यह सेवा शिविर निरंतर आगे बढ़ता रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार शिविर को और अधिक व्यवस्थित एवं सुविधायुक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि बाबा धाम की यात्रा पर निकले प्रत्येक कांवरिया को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने सभी ट्रस्टी सदस्यों एवं स्वयंसेवकों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
ट्रस्टी सदस्य जितेंद्र यादव ने कहा कि निःशुल्क पूर्णिया सेवा शिविर सामाजिक एकजुटता, सेवा भावना और धार्मिक आस्था का जीवंत उदाहरण बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह शिविर किसी संस्था या व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि पूर्णिया जिले के लोगों की सामूहिक सहभागिता का परिणाम है। उन्होंने जिले के व्यवसायियों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं एवं आम नागरिकों से बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से इस वर्ष भी हजारों कांवरियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी और सेवा की यह परंपरा पहले से अधिक मजबूत होगी। ट्रस्टी सदस्य राजीव कुमार ने कहा कि निःशुल्क पूर्णिया सेवा शिविर में प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी कांवरियों के लिए निःशुल्क आवास, भोजन, चाय-नाश्ता, फलाहार, ठंडा एवं गर्म पानी, शरबत, नींबू-पानी, चिकित्सा सुविधा, चिकित्सक, एम्बुलेंस, स्नानागार एवं शौचालय की व्यवस्था रहेगी। साथ ही प्रतिदिन सुबह-शाम आरती, पूजा-अर्चना तथा श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए भजन-संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
गौरतलब है कि वर्ष 2013 से लगातार संचालित हो रहा निःशुल्क पूर्णिया सेवा शिविर श्रावणी मेला के दौरान पूर्णिया की पहचान बन चुका है। इसके संचालन में जिले के व्यवसायी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, बुद्धिजीवी एवं विभिन्न सामाजिक संगठन सक्रिय भूमिका निभाते हैं। बैठक में मुख्य रूप से राजीव कुमार, वार्ड पार्षद अंजनी साह, राकेश राय, अमित कुमार सोनी, नवल जायसवाल, बबलू सहाय, अर्जुन सिंह, तौकीर रियाज, राजू मंडल, पवन राय, ललनेश सिंह, बहादुर यादव, कुणाल किशोर, राजेश कुमार झा, रवि शंकर, अजय कुमार झा, तपेश कुमार यादव, आशीष कुमार झा, फुलेंद्र चौधरी, सनी कुमार, लकी राय, एसके संजू, काशी चौधरी, रुपेश यादव, बप्पन कर्मकार, मनोज कुमार, सुनील कुमार सिंह, संजय यादव, अभिषेक मंडल, सुंदर झा, संजय सिंह, देवनारायण यादव, सोनू कुमार यादव, चंदन कुमार, मिथुन कुमार साह, शिवकुमार, अर्जुन कुमार, कन्हैया पासवान, राहुल कुमार, विपिन राय, राकेश यादव, बंटी जायसवाल, रमन यादव, अनिल राम, पंकज पटेल, कुंदन यादव, शांतनु जायसवाल, अजय भगत, चंदन सिंह, सूरज कुमार ठाकुर, गुड्डू शांति साह, बालेश्वर प्रसाद, संतोष गुप्ता, रामानंद यादव, अनिल शर्मा, दीना यादव, त्रिदेव कुमार, अनुज कुमार, रंजीत दास, सूरज कुमार चौधरी, शंभू पोद्दार, प्रीतम कुमार, रमाशंकर कुमार, सुनील कुमार झा, शंकर महतो, मनोज कुमार, दिलीप चौधरी, धीरज पुगलिया, अमरेंद्र कुमार, अमन केशरी, मो हैदर, संतोष जायसवाल, कुंदन चौधरी, नीतिश मंडल, केके पप्पू, नीतू कुमार दास, दिलीप यादव, ध्रुव झा सहित सैकड़ो की संख्या में ट्रस्टी सदस्य मौजूद थे।


Post a comment