शेखपुरा सदर अस्पताल में रक्तदान शिविर, डीएम-एसपी ने किया रक्तदान
- by Manjesh Kumar
- 14-Jun-2026
- Views
शेखपुरा: सदर अस्पताल परिसर में बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के तत्वावधान में विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी शेखर आनंद और पुलिस अधीक्षक बलिराम कुमार चौधरी की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि दोनों अधिकारियों ने स्वयं रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश दिया। इस अवसर पर डीएम और एसपी ने जिलेवासियों से बढ़-चढ़कर रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि “रक्तदान महादान है”। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है, इसलिए स्वस्थ नागरिकों को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। शिविर में रक्तदान करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नीरज कुमार, रंजीत कुमार सहित अन्य रक्तदाताओं को मेडल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे सम्मान से समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ती है। बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा आयोजित इस शिविर का उद्देश्य सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना है। कार्यक्रम में चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, समिति के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।


Post a comment