शेखपुरा के पहाड़ बने जानलेवा, एक और किशोर डूबा, लोगों ने प्रशासन पर भी लगाए आरोप
- by Manjesh Kumar
- 23-Aug-2026
- Views
शेखपुरा: एक समय था जब शेखपुरा पहाड़ों के लिए जाना जाता था लेकिन अब वही पहाड़ लोगों के लिए जानलेवा साबित होने लगा है। बीते कुछ दिनों में पहाड़ों में बने जानलेवा गड्ढों में भरे पानी में डूब कर कई लोगों की मौत हो चुकी है। ताजा घटना सूरदासपुर के पहाड़ नंबर 7 की है जहां स्नान करने के दौरान एक किशोर की डूब कर मौत हो गई। मृतक की पहचान करिहो गांव निवासी संजय यादव उर्फ दीपू का 15 वर्षीय पुत्र प्रियांशु कुमार उर्फ अमन के रूप में की गई।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों में विभिन्न कंपनियों ने पहाड़ों पर मानक के विपरीत बेतरतीब ढंग से खुदाई की है जिसमें कई लोगों की जान चुकी है। लोगों ने कहा कि पहले जो खूबसूरत पहाड़ थे वह अब जानलेवा हो गए हैं। पहाड़ों की ऊंचाई जितनी अधिक दिखती है उतनी ही गहरी भी हो गई है जिसमें पानी जमा होने लगा है और इन गड्ढों में स्नान करने के लिए जाने वाले लोगों की डूब कर मौत हो रही है। लोगों ने कहा कि पहाड़ नंबर 10 से पानी पहाड़ नंबर 7 में गिराया गया था जहां मृतक गांव के कुछ अन्य किशोरों के साथ स्नान करने गया था और इसी दौरान वह डूब गया था।
मृतक के पिता ने कहा की वह टेंट में मजदूरी का काम करते हैं और आज काम पर गए थे तभी उनके पुत्र की सूरदासपुर पहाड़ नंबर सात में डूबने की सुचना मिली और वे घटना स्थल पर पहुंचे। इधर घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। हालांकि शव का खोज अब तक स्थानीय गोताखोर के द्वारा नहीं किया जा सका है। घटना के संबंध में साथ में स्नान करने आये बच्चे गौरब कुमार और अजित कुमार ने बताया की उनके साथ छोटू कुमार, रुपेश कुमार और शुभम कुमार के अलावे अमन भी आया था सभी पहाड़ की चोटी से कूदकर नहा रहे थे, इसी दौरान अमन डूब गया और काफी खोजबीन के बाद उसका पता नहीं लग सका।
घटना को लेकर नगर थाना के थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि घटना की सुचना मिलने के बाद सदर सीओ शंभू कुमार को जानकारी दी गई है, जिसके बाद शव की तलाश घाटकोसुम्भा के गोताखोर द्वारा किया जा रहा है लेकिन अबतक पता नहीं लग सका है। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर सीओ शंभू कुमार घटना स्थल पर पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी ली। सीओ ने बताया कि शव की तलाश किए जाने के लिए स्थानीय घाटकोसुम्भा से गोताखोर बुलाया गया है। अगर इनसे कुछ नहीं पता लग पाया तो पटना से एसडीआरएफ की टीम बुलाई जाएगी। मीडिया ने जब पहाड़ में मानक से अधिक गहराई कंपनी द्वारा किए जाने का सवाल किया तो सीओ ने कहा कि इस मामले पर उच्च स्तरीय अधिकारी और माइनिंग के अलावे डीएम से बात की जायगी।


Post a comment