बिहार में उद्यमिता को अधिक सरल, सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास: मंत्री

`सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री ने किया माई इंडस्ट्री डेस्क डॉट कॉम का शुभारंभ`

पटना: ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर बिहार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), नए उद्यमियों तथा स्वरोजगार से जुड़े लोगों को सरकारी औद्योगिक नीतियों, बैंकिंग सहायता एवं आवश्यक दस्तावेजीकरण संबंधी जानकारी सहज एवं किफायती रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित डिजिटल प्लेटफॉर्म माई इंडस्ट्री डेस्क डॉट कॉम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पहल बिहार में उद्यमिता को अधिक सरल, सुलभ और जानकारी-आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। विशेष रूप से छोटे शहरों और जिलों में कार्यरत उद्यमियों को अक्सर सरकारी योजनाओं की सही जानकारी, बैंक ऋण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की तैयारी तथा बैंक की अपेक्षाओं के अनुरूप दस्तावेजों में सुधार हेतु उचित मार्गदर्शन नहीं मिल पाता।

उन्होंने कहा कि माई इंडस्ट्री डेस्क डॉट कॉम के माध्यम से उद्यमियों को एक ही डिजिटल मंच पर केंद्र एवं राज्य सरकार की औद्योगिक एवं एमएसएमई नीतियों तथा योजनाओं की जानकारी, बैंक ऋण एवं वित्तीय सहायता से संबंधित मार्गदर्शन, और बैंकिंग दस्तावेजीकरण एवं आवश्यक सुधार संबंधी सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सही जानकारी और उपयुक्त दस्तावेजी सहायता के अभाव में किसी छोटे उद्यमी के व्यवसाय की स्थापना, विस्तार या बैंक वित्त प्राप्त करने की प्रक्रिया बाधित न हो। डिजिटल माध्यम और प्रोफेशनल विशेषज्ञता के समन्वय से यह प्लेटफॉर्म आवश्यक सेवाओं को कम लागत पर अधिक लोगों तक पहुँचाने की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है।

  

Related Articles

Post a comment