राजधानी पटना में छात्रों का लोक भवन मार्च आज, गांधी मैदान समेत कई सड़कों पर ट्रैफिक की गई है डायवर्ट

पटना: बिहार में विभिन्न मांगों को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं और आज छात्रों ने लोक भवन मार्च का ऐलान किया है। छात्रों के लोक भवन मार्च को लेकर पटना जिला प्रशासन ने भी पुख्ता तैयारी की है। गांधी मैदान से लोक भवन के मार्गो पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है जबकि गांधी मैदान के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। जिला प्रशासन ने गांधी मैदान और आसपास की सड़कों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। सुबह दस बजे से यातायात सामान्य होने तक गांधी मैदान के चारों तरफ और उससे जुड़ने वाले कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान गांधी मैदान के चारों ओर व्यावसायिक वाहन, आटो और ई-रिक्शा का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस लाइन और बैंक रोड से आने वाले ऑटो-ई-रिक्शा को भी रोक दिया जाएगा।

आयकर गोलंबर से कोतवाली की तरफ जाने वाले वाहनों को मंदिरी नाला की ओर डायवर्ट कर अशोक राजपथ की तरफ भेजा जाएगा। एसपी वर्मा की ओर से गांधी मैदान आने वाले ऑटो-ई-रिक्शा स्वामीनंदन तिराहा तक पहुंचेंगे और वहां से बाटा मोड़ होते हुए वापस लौटेंगे। इसी तरह एक्जीबिशन रोड में भट्टाचार्य चौराहा से उत्तर गांधी मैदान की ओर ऑटो-ई-रिक्शा के आने पर भी रोक रहेगी। अशोक राजपथ पर गायघाट की ओर से गांधी मैदान आने वाले ऑटो-ई-रिक्शा को कारगिल चौक से पश्चिम डबल डेकर के पश्चिमी छोर के पास से यू-टर्न लेकर पुनः गायघाट की ओर भेजा जाएगा। मछुआ टोली से बारीपथ होते हुए ठाकुरबाड़ी मोड़ तक ऑटो-ई-रिक्शा चलेंगे और ठाकुरबाड़ी मोड़ से वापस लौटेंगे। किसी भी स्थिति में ये वाहन गांधी मैदान-बाकरगंज की ओर नहीं जाएंगे। दानापुर से राजापुर पुल होते हुए आने वाले ऑटो-ई-रिक्शा को पुलिस लाइन तिराहा से पुनः दानापुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

  

Related Articles

Post a comment