गांधी मैदान से सीएम आवास के लिए छात्रों ने शुरू किया मार्च, गांधी मैदान के समीप बैरिकेडिंग तोड़ बढ़े आगे फिर...
- by Manjesh Kumar
- 25-Aug-2026
- Views
पटना: राजधानी पटना में बीपीएससी टीआरई 4 परीक्षा में पीटी और मेंस, नेगेटिव मार्किंग खत्म करने, शत प्रतिशत डोमिसाइल नीति लागू करने समेत कई मांगों को लेकर छात्र लंबे समय से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को एक बार फिर छात्र गांधी मैदान से लोक भवन मार्च के लिए निकले हैं। छात्रों के आंदोलन और मार्च को देखते हुए जिला प्रशासन ने पुख्ता तैयारी की है। सैकड़ों की संख्या में छात्र गांधी मैदान से एक साथ हो कर जुलूस की शक्ल में सीएम आवास के लिए निकले जिसे पुलिस ने जेपी गोलंबर के समीप रोकने की कोशिश की। लेकिन छात्रों के हुजूम ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ते हुए डाकबंगला चौराहा तक पहुंच गए।
डाकबंगला चौराहा पर भी पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। एक तरफ पुलिस ने लोहे की बैरिकेडिंग और शील्ड लगाया है तो दूसरी तरफ भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात है। पुलिस ने इस दौरान छात्रों को समझा कर रोकने की भी कोशिश की लेकिन प्रदर्शनकारी छात्र रुकने का नाम नहीं ले रहे। जानकारी के अनुसार पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में भी लिया है। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि हम लोग कोई नक्सली या आतंकवादी नहीं हैं जिसके साथ सम्राट चौधरी की पुलिस बर्बरतापूर्ण व्यवहार करती है। हमलोग भी आपके ही बच्चे हैं और हमारी कुछ मांगें हैं जिसपर हमारा भविष्य निर्भर करता है।
अपने अधिकारों की मांग करना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है और इससे हमें कोई वंचित नहीं कर सकता है। हमारी शांतिपूर्ण मांग को लेकर सरकार या विभाग ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की और अब जब मार्च या आंदोलन करते हैं तो फिर हमारे उपर लाठीचार्ज किया जाता है। छात्रों ने कहा कि हम बिहार के छात्र हैं और भविष्य हैं, हमारी मांग को अगर पूरी कर दिया जाए तो फिर हम लोग प्रदर्शन क्यों करेंगे।


Post a comment