सभी आरोपियों को सीधे फांसी देना चाहिए..., नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा 'सरकार करती है दावा लेकिन...'
- by Manjesh Kumar
- 22-Sep-2026
- Views
जमुई: जमुई में छात्रा से बदसुलूकी के आरोपी का पुलिस ने एनकाउंटर कर गिरफ्तार कर लिया है। मामला सामने आने के बाद विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठाने लगा था जिसके बाद अब मंगलवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के पैर में गोली मारी है जबकि एक अन्य को भी गिरफ्तार किया है। वहीं इससे पहले पुलिस ने तीन अन्य नाबालिग आरोपी को भी पकड़ा है। अब आरोपियों के एनकाउंटर के बाद एक बार फिर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बड़ा बयान दिया है। तेजस्वी में कहा कि ऐसे लोगों को सीधे फांसी होनी चाहिए। आरोपियों के जाति और धर्म से फर्क नहीं पड़ता है, इस तरह की हरकत करने वाले लोगों को सीधे फांसी देना चाहिए।
तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर भी हमला किया और कहा कि जमुई से जो वीडियो सामने आया है वह बहुत ही शर्मनाक है। ऐसे मामलों में जाति और धर्म नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना में शामिल 7-8 लोगों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे आगे कोई इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न करे। तेजस्वी यादव ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिहार में महिलाएं और लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं। बिहार के अलग-अलग जिलों से हत्या, अपराध और लड़कियों से छेड़छाड़ की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। जमुई की घटना कोई अकेला मामला नहीं है। मुख्यमंत्री लगातार बिहार में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने की बात करते हैं, लेकिन दूसरी तरफ ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
बता दें कि इससे पहले केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने नंदन यादव के एनकाउंटर को लेकर तेजस्वी यादव पर तंज कसा था। मांझी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि तेजस्वी अब यह कह सकते हैं कि ‘सम्राट चौधरी ने मेरे भाई को ठोकवा दिया।’ मांझी ने तेजस्वी से अपने ‘भाइयों’ को सचेत करने की बात कही थी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा था, ‘HAM बोलते नहीं, करके दिखलाते हैं।’ बता दें कि जमुई में 19 सितंबर की शाम नाबालिग छात्रा और उसके साथी के साथ कथित बदसलूकी हुई थी। दोनों 10वीं कक्षा में पढ़ते हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। मामले में POCSO समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया।


Post a comment