हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुबाजार में छात्रों ने निकाली तिरंगा यात्रा

कटिहार: स्वतंत्रता दिवस के पूर्व देशभक्ति का रंग कटिहार के गुरुबाजार में भी देखने को मिला। मुख्य सचिव एवं जिला पदाधिकारी के निर्देश तथा संस्कृति मंत्रालय के ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत गुरुनानक कन्या विद्यालय, गुरुबाजार में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज और जुबां पर देशभक्ति के नारों के साथ छात्राओं ने बाजार क्षेत्र का भ्रमण कर लोगों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशप्रेम का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं, शिक्षकों, पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, कार्यालयों एवं प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की गई। आयोजकों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व से जोड़ना तथा राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को मजबूत करना है।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रहे राष्ट्रव्यापी आयोजनों का भी संदेश दिया गया। यात्रा के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह रहा। वे हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करती रहीं।तिरंगा यात्रा की अगुवाई प्रखंड विकास पदाधिकारी धीरेन्द्र कुमार धीरज, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राज कुमार सिंह एवं बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज कुशवाहा ने की। आयोजन को सफल बनाने में गुरुनानक कन्या मध्य विद्यालय, गुरुबाजार के प्रधानाध्यापक भगत सिंह, शिक्षक अजमल हुसैन एवं रौशन कुमार रजक तथा गुरुनानक कन्या उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक हाशिम अली सिद्दीकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम में अजय सिंह, संतोष भगत सहित बीस सूत्री के कार्यकर्ता एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा ने पूरे बाजार क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बना दिया और लोगों को स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने का संदेश दिया।

  

Related Articles

Post a comment