खेत जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलटने से एक व्यक्ति की मौत, परिजनों ने बताया सुनियोजित साजिश

शेखपुरा: जिले के अरियरी थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद गांव के बधार में ट्रैक्टर की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक कैलू यादव की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। कैलू यादव की मौत से उनके चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जानकारी के अनुसार, गांव के बधार में ट्रैक्टर से खेत की जुताई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर पलट गया और उसकी चपेट में आने से कैलू यादव उसके नीचे दब गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना को लेकर नया मोड़ तब आया, जब मृतक के परिजनों ने इसे महज हादसा मानने से इनकार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि कैलू यादव को पहले फोन कर खेत पर बुलाया गया था और इसके बाद उनके साथ सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया गया। उनका कहना है कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर का मालिक मृतक का चचेरा भाई है, जिससे मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। घटना की सूचना मिलते ही अरियरी थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा भेज दिया। कैलू यादव मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से पत्नी और चार बच्चों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आधार पर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

  

Related Articles

Post a comment