गोवा पुलिस की अभिरक्षा में ले जाए जा रहे युवक की ट्रेन से गिरकर मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
- by Manjesh Kumar
- 27-Jul-2026
- Views
बरारी के काढ़ागोला रेलवे ट्रैक पर मिला शव, उच्चस्तरीय जांच और आर्थिक सहायता की मांगहै
कटिहार: कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत काढ़ागोला रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के समीप फुटानी हाट रेलवे ट्रैक किनारे सोमवार दोपहर एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने रेलवे एवं बरारी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। काढ़ागोला स्टेशन आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया और आवश्यक कार्रवाई के बाद बरारी थाना पुलिस को सौंप दिया। मृतक की पहचान अमदाबाद थाना क्षेत्र के बैरिया गांव निवासी छोटू कुमार के रूप में की गई। पहचान उसके ससुर बिसन देव साह, निवासी कृषि फार्म टोला, वार्ड-12, पूर्वी बारीनगर ने की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कटिहार भेज दिया।
शव बरारी थाना पहुंचने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने कुछ समय तक हंगामा किया। उनका आरोप था कि जब युवक गोवा पुलिस की अभिरक्षा में था तो उसकी मौत कैसे हो गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाने-बुझाने के बाद स्थिति सामान्य हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार छोटू कुमार का विवाह दो वर्ष पूर्व बरारी प्रखंड के कृषि फार्म टोला निवासी रंजो देवी से हुआ था। दंपती की नौ माह की एक पुत्री है। छोटू मजदूरी के लिए गोवा गया था। बताया जाता है कि गोवा के ओलवाले थाना कांड संख्या 38/26 में नामजद होने के बाद गोवा पुलिस शनिवार को अमदाबाद थाना पहुंची थी। स्थानीय पुलिस की सहायता से छोटू कुमार को गिरफ्तार किया गया और सोमवार को उसे ट्रेन से गोवा ले जाया जा रहा था। इसी दौरान काढ़ागोला रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन से गिरने की घटना हुई। सूत्रों के अनुसार घटना की सूचना गोवा पुलिस द्वारा नौगछिया रेल जीआरपी को दिए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक किनारे शव देख पुलिस को सूचना दी।
मृतक के पिता मोती कुमार साह और भाई राजू कुमार साह का आरोप है कि गिरफ्तारी के बाद अमदाबाद थाना में छोटू कुमार की पिटाई की गई तथा परिजनों को उससे मिलने नहीं दिया गया। उनका कहना है कि जिस मामले में गिरफ्तारी हुई थी, वह गोवा के एक सांसद के आवास में कथित चोरी से जुड़ा मामला है। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस अभिरक्षा में ले जाए जा रहे युवक की ट्रेन से गिरकर मौत कैसे हो गई। परिजनों ने गोवा पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा मृतक की पत्नी, नौ माह की पुत्री और परिवार के भरण-पोषण के लिए सरकारी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।


Post a comment