खुले में रखा जंग खा रही सरकारी योजना, वितरण के लिए लाया गया ट्राइसाइकिल प्रखंड परिसर में हो गया बर्बाद
- by Manjesh Kumar
- 12-Jul-2026
- Views
गोपालगंज: गोपालगंज में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण एडिप योजना के तहत दिव्यांगजनों के लिए खरीदी गई 23 नई ट्राई साइकिलें पिछले कई वर्षों से उपयोग के बजाय गोदाम में पड़ी-पड़ी जंग खा रही हैं। मामला सदर प्रखंड कार्यालय का है, जहां वर्ष 2022 से सभागार की ऊपरी मंजिल पर 23 नई ट्राई साइकिलें धूल और जंग की मार झेल रही हैं। इन ट्राई साइकिलों की खरीद केंद्र सरकार की एडिप योजना के तहत दिव्यांग जनों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से की गई थी। लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण आज तक इनका वितरण नहीं हो सका। यदि समय पर जरूरतमंद लाभार्थियों को ये ट्राई साइकिलें मिल जातीं, तो उनके दैनिक जीवन और आवागमन में काफी सुविधा होती।
बताया जा रहा है कि वितरण कार्यक्रम के दौरान कुछ लाभार्थी नहीं पहुंच सके थे, जिसके बाद ट्राई साइकिलों को सुरक्षित रखने के लिए ब्लॉक परिसर में रख दिया गया। लेकिन बाद में इन्हें वितरित करने की दिशा में कोई पहल नहीं हुई। नतीजतन, लाखों रुपये की सरकारी संपत्ति वर्षों से बेकार पड़ी है और उसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। सांसद डॉ आलोक कुमार सुमन ने कहा कि सांसद बनने के बाद उन्होंने चार बार दिव्यांगजनों के बीच ट्राई साइकिल और अन्य सहायक उपकरणों का वितरण कराया है। कुछ दिन पहले उन्हें जानकारी मिली कि वितरण से बची ट्राई साइकिलें गोपालगंज और फुलवरिया प्रखंड में वर्षों से पड़ी हैं और उनकी हालत खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जिला पदाधिकारी से जांच कराई जाएगी और जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सांसद ने कहा कि यह भारत सरकार के धन की बर्बादी है और इससे दिव्यांग लाभार्थियों का अधिकार भी प्रभावित हुआ है।


Post a comment