पूर्णिया पहुंचे युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, कहा 'लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण'
- by Manjesh Kumar
- 02-Aug-2026
- Views
पूर्णिया: भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब रविवार को पूर्णिया सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं कांग्रेस नेता जितेंद्र यादव के आवास पर पहुंचे। जितेंद्र यादव ने बुके देकर एवं शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद संगठन की मजबूती, युवाओं की भागीदारी, पार्टी विस्तार तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुई। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। संगठन को गांव-गांव तक सशक्त बनाते हुए अधिक से अधिक युवाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ना युवा कांग्रेस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। युवाओं की भागीदारी जितनी बढ़ेगी, लोकतंत्र उतना ही मजबूत होगा।
उदय भानु चिब ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस युवाओं की आवाज बनकर रोजगार, शिक्षा, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा जैसे मुद्दों पर लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है। प्रत्येक युवा कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह पार्टी की नीतियों और जनहित के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाए तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाए।
कांग्रेस नेता जितेंद्र यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब का पूर्णिया आगमन सीमांचल के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए उत्साहवर्धक और प्रेरणादायी है। उनके नेतृत्व में युवा कांग्रेस पूरे देश में नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके मार्गदर्शन से सीमांचल सहित पूरे बिहार में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा युवाओं को कांग्रेस से जोड़ने का अभियान और तेज होगा। जितेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के अधिकारों, सामाजिक न्याय और विकास के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है। संगठन के कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ गांव-गांव और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने तथा आम लोगों की आवाज बुलंद करने का कार्य करेंगे। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी ने उनका आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भारतीय युवा कांग्रेस नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी और बिहार में संगठन विस्तार को नई गति मिलेगी।


Post a comment