वीबी जी राम जी योजना के शुभारंभ पर पूर्णिया में कार्यक्रम, वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़े देश भर के लोग
- by Manjesh Kumar
- 02-Jul-2026
- Views
पूर्णिया: भारत सरकार द्वारा ग्रामीण विकास के क्षेत्र में एक नई पहल के तहत महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के स्थान पर "विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण)" (विकसित भारत–जी राम जी) योजना बुधवार से पूरे देश में लागू किया गया है। इसी क्रम में बिहार सरकार ने भी ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से इस योजना को राज्य में लागू करने की अधिसूचना जारी कर दी है। योजना के राष्ट्रीय शुभारंभ के अवसर पर गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित जिला स्तरीय जन सम्मेलन सह शुभारंभ कार्यक्रम में जिलाधिकारी अंशुल कुमार भी शामिल हुए। इस योजना का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के मुक्कावरिपल्ली गांव से केंद्रीय ग्रामीण विकास कल्याण मंत्री ने किया।
भारत सरकार के निर्देशानुसार राज्य एवं जिला स्तर पर भी जन सम्मेलन आयोजित कर योजना की प्रमुख विशेषताओं, उद्देश्यों एवं क्रियान्वयन की रूपरेखा की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि विकसित भारत–जी राम जी योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को एक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों के मांग आधारित अकुशल रोजगार की गारंटी प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण परिसंपत्तियों का निर्माण, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना का सुदृढ़ीकरण तथा आजीविका के अवसरों का विस्तार इस योजना के प्रमुख उद्देश्य हैं।
यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, रोजगार के स्थायी अवसर सृजित करने तथा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि योजना का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र ग्रामीण परिवारों को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो। साथ ही व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने पर विशेष बल दिया। जिलाधिकारी सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजना के उद्देश्यों की सफल एवं प्रभावी प्राप्ति सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया । यह कार्यक्रम ग्रामीण विकास एवं आजीविका संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अंजनि कुमार, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए), जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, सभी कार्यक्रम पदाधिकारी, कनीय अभियंता, पंचायत तकनीकी सहायक, विकसित भारत–जी राम जी योजना एवं ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े पदाधिकारी-कर्मी तथा पंचायतों के जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


Post a comment