सदर विधायक ने जन समस्या के निवारण के लिए प्रतिनिधियों को किया मनोनीत
- by Manjesh Kumar
- 25-Jun-2026
- Views
पूर्णिया: पूर्णिया सदर के विधायक विजय खेमका ने क्षेत्र के विकास कार्यों, जनसमस्याओं के समाधान तथा विभिन्न विभागों एवं समितियों की बैठकों में जनहित से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से रखने के उद्देश्य से कई विभागों एवं निकायों के लिए विधायक प्रतिनिधियों को मनोनीत किया है। विधायक ने मनोनीत प्रतिनिधियों की सूची जिला पदाधिकारी पूर्णिया को भेज दी है, ताकि जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को इसकी सूचना दी जा सके। विधायक ने सकलदीप राजपाल को जिला स्तरीय 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति, अधिवक्ता सुनील सिन्हा को जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति, संजय मिश्रा को जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति, संजय सिंह को जिला स्तरीय प्रवेशिको छात्रवृति समिति, सुजीत सिन्हा को जिला स्तरीय विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा), विजय मांझी को जिला स्तरीय बैंकर्स समिति, अनुपमा झा को जिला स्तरीय जीविका समन्वय समिति, चंदन पासवान को जिला श्रम एवं नियोजन विभाग से संबंधित समिति, राजेश चौरसिया को अनुमंडल सतर्कता एवं निगरानी समिति, मनोज चौहान को अनुमंडल शांति समिति तथा बिरेन्द्र सिंह को प्रखंड पंचायत समिति एवं प्रखंड 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के लिए विधायक प्रतिनिधि मनोनीत किया है।
विधायक ने कहा कि उनकी अनुपस्थिति में मनोनीत विधायक प्रतिनिधि संबंधित विभागों, संस्थानों, निकायों एवं समितियों द्वारा आयोजित बैठकों में भाग लेकर क्षेत्र के विकास, जनहित एवं जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से रखेंगे। साथ ही बैठकों में लिए गए निर्णयों एवं सुझावों की जानकारी उन्हें उपलब्ध कराएंगे। विधायक ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी एवं सम्मानित व्यक्तियों को विधायक प्रतिनिधि बनाए जाने से विकास योजनाओं की निगरानी, जनसमस्याओं के समाधान तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि ये प्रतिनिधि प्रशासन के बीच क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ रखेंगे तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लाभूकों तक पहुंचायेंगे। विधायक ने कहा कि सभी मनोनीत विधायक प्रतिनिधि अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए पूर्णिया के विकास, जनहित और सुशासन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


Post a comment