नरकटियागंज में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, 15 हजार रुपए घूस लेते पंचायत सचिव रंगे हाथ गिरफ्तार
- by Manjesh Kumar
- 05-Aug-2026
- Views
पश्चिम चंपारण: पश्चिम चम्पारण के नरकटियागंज में निगरानी विभाग की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव शंकर प्रसाद को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि नल-जल योजना के मेंटेनेंस भुगतान के एवज में पंचायत सचिव ने संवेदक परवेज कौशर से 28 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत नहीं देने पर भुगतान में लगातार बाधा उत्पन्न की जा रही थी। इससे परेशान होकर संवेदक परवेज कौशर ने 27 जुलाई को निगरानी विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाया।
कार्रवाई के दौरान मलदहिया मदरसा में आयोजित सहयोग शिविर में जैसे ही संवेदक ने रिश्वत की पहली किश्त 15 हजार रुपये पंचायत सचिव को सौंपी, टीम ने उन्हें तत्काल रंगेहाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस की टीम ने पंचायत सचिव के आवास पर भी छापेमारी कर आवश्यक दस्तावेज जब्त किए। इस कार्रवाई से स्थानीय प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की पुष्टि करते हुए विजिलेंस के डीएसपी ने बताया कि नल-जल योजना के संवेदक से 15 हजार रुपये की घूस लेते पंचायत सचिव को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


Post a comment