विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री सहित भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व को भेजा पत्र

पूर्णिया: विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने पूर्णिया भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह से जुड़े प्रकरण को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्य प्रभारी अरुण सिंह, भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, भाजपा के बिहार प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया तथा बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा को पत्र भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने अपने पत्र में कहा है कि किसी भी प्रकरण में वास्तविक तथ्यों का सामने आना आवश्यक है। उन्होंने संगठनात्मक मर्यादा एवं न्याय के हित में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह करते हुए कहा कि जांच के उपरांत जो भी तथ्य सामने आएं, उसी के आधार पर उचित एवं न्यायसंगत निर्णय लिया जाना चाहिए, ताकि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो तथा दोषी होने पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया कि बीते होली के दौरान भाजपा कार्यालय में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में बनाए गए एक वीडियो के प्रसारण के बाद यह विवाद उत्पन्न हुआ था। उन्होंने मांग की कि वीडियो के निर्माण, प्रसारण तथा पूरे घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए, जिससे किसी भी प्रकार की भ्रांति समाप्त हो सके।

आशीष गोस्वामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूर्णिया आगमन के दौरान विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ ने भी सक्रिय भूमिका निभाई थी। संगठन की ओर से पूर्णिया सहित पूरे सीमांचल क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर सनातन समाज से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई थी। इसी अवधि में संगठन ने भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह की नेतृत्व क्षमता, संगठन संचालन की कार्यशैली तथा कार्यकर्ताओं के प्रति उनके अपनत्व एवं व्यवहार को निकट से देखा और अनुभव किया। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ किसी के पक्ष या विपक्ष में नहीं है। संगठन का उद्देश्य केवल पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं तथ्यों पर आधारित जांच सुनिश्चित कराना है, ताकि वास्तविक सत्य सामने आ सके। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएं, उसी के आधार पर उचित एवं न्यायसंगत निर्णय लिया जाना चाहिए।

अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र के विकास, जनकल्याण एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण हेतु किए जा रहे कार्यों का सम्मान करता है तथा भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रहित एवं जनकल्याणकारी विचारधारा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी राष्ट्रहित, समाज हित एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों में सकारात्मक सहयोग करता रहेगा तथा सत्य, न्याय और संगठनात्मक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखेगा।

  

Related Articles

Post a comment