‘वोट चोरी’ के आरोपों पर कांग्रेस का विरोध मार्च, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
- by Manjesh Kumar
- 28-Sep-2026
- Views
शेखपुरा: ‘वोट चोरी’ के आरोपों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने शेखपुरा में विरोध मार्च निकाला। मार्च जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर जिला समाहरणालय तक पहुंचा। नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंदी कुमार यादव ने किया। मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कार्यकर्ताओं ने “वोट चोर कहां मिलेंगे, बीजेपी के दफ्तर में” जैसे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जवाब दिया जाना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस नेता जितेंद्र नाथ पटेल ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव और मतदाता सूची की विश्वसनीयता बेहद महत्वपूर्ण है। कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जनता के बीच उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों और जनता की आवाज से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता आगे भी अपनी बात मजबूती से रखते रहेंगे। इस दौरान राहुल कुमार, राजेश रंजन उर्फ गुरु मुखिया, विपिन चौरसिया, शंकर मुखिया, प्रेम कुमार गुप्ता, आमिर राज मंडल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Post a comment