बाइक से टक्कर लगी तो युवक को चाकू मार किया घायल, पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार
- by Manjesh Kumar
- 23-Oct-2026
- Views
कटिहार: बरारी हाट में लगे दशहरा मेले के दौरान बाइक से धक्का लगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की पीठ में चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद मेले में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों और बरारी थाना पुलिस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरारी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए कटिहार रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, बरारी हाट में लगे मेले के दौरान बाइक से धक्का लगने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। उसकी पीठ में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
त्वरित कार्रवाई कर दो आरोपित गिरफ्तार
मेले में विधि-व्यवस्था की ड्यूटी पर तैनात बरारी थाना के पुलिस अवर निरीक्षक आलोक कुमार को घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। चाकूबाजी के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पूर्वी बारीनगर पंचायत निवासी नीरज चौधरी और दरवै गांव निवासी सन्नी कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में कटिहार जेल भेज दिया।
पुलिस अवर निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि बाइक से धक्का लगने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद चाकूबाजी की घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दशहरा मेले में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का माहौल है। घटना ने मेले में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।


Post a comment