मैट्रिक फेल, लेकिन 5 भाषाओं के जानकार! बनारसी भुईया से 'आलम' बनने वाले कलाकार की अनोखी कहानी

समाज की हेय दृष्टि से बचने के लिए बदला नाम, बच्चों के नाम भी रखे अलग-अलग धर्मों से जुड़े; किसी भी विषय पर तुरंत गीत गाने में माहिर

गया: बिहार के गया जिले में एक ऐसे शख्स हैं, जिन्होंने भले ही मैट्रिक की पढ़ाई पूरी नहीं की, लेकिन उनकी प्रतिभा सुनकर लोग हैरान रह जाते हैं। पांच भाषाओं में बातचीत करने वाले, किसी भी विषय पर तुरंत गीत बना देने वाले और नाटक के जरिए समाज को जागरूक करने वाले इस कलाकार की पहचान बनारसी आलम के रूप में है। हालांकि, कभी उनका नाम बनारसी भुईया हुआ करता था।

समाज में जाति के आधार पर मिलने वाली उपेक्षा और नाम को लेकर होने वाली हीन भावना से बचने के लिए उन्होंने अपनी पहचान बदल ली। नाम बदला, सोच बदली और धीरे-धीरे बनारसी आलम के नाम से अपनी पहचान बना ली। आज कोई उन्हें बनारसी भैया, तो कोई बनारसी बाबू या बनारसी यादव कहकर बुलाता है।

समाज की हेय दृष्टि से बचने के लिए बदला नाम

बनारसी आलम गया जिले के मोहनपुर प्रखंड के लय गांव के रहने वाले हैं। यह गांव गया मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर है। मुसहर समाज से आने वाले बनारसी बताते हैं कि पहले उनके समाज में बढनवा, शुकना, शुकरा और शनिचरा जैसे नाम रखे जाते थे, जिन्हें समाज में अच्छी नजर से नहीं देखा जाता था। इसी उपेक्षा से बचने के लिए उन्होंने अपना नाम बदलकर बनारसी आलम रख लिया।

उन्होंने अपने बच्चों के नाम भी अलग-अलग धर्मों से मिलते-जुलते रखे। बड़े बेटे का नाम शब्बीर, छोटे बेटे का श्रवण, बड़ी बेटी का मरियम और छोटी बेटी का रवीना है। हालांकि, नाम बदलने के बावजूद उन्होंने अपना धर्म और समाज नहीं छोड़ा। उनका मानना है कि इंसान की पहचान उसकी सोच और कर्म से होनी चाहिए।

दाढ़ी रखने के पीछे भी है दिलचस्प कहानी

बनारसी आलम की दाढ़ी देखकर लोग अक्सर उन्हें मुस्लिम समझ लेते हैं, लेकिन इसके पीछे भी एक दिलचस्प वजह है। वह बताते हैं कि कोलकाता में गीत गाने के दौरान कई बार लोग उन्हें महिलाओं के कपड़े पहनकर नृत्य करने को कहते थे। इससे बचने के लिए उन्होंने दाढ़ी बढ़ा ली, ताकि इस तरह की प्रस्तुति न करनी पड़े।

किसी भी विषय पर तुरंत गीत बना देने की प्रतिभा

बनारसी आलम निर्गुण, लोकगीत और सामाजिक जागरूकता से जुड़े गीत गाने में माहिर हैं। शिक्षा, पलायन, अंधविश्वास और समाज की समस्याओं जैसे विषयों पर उन्हें कुछ पल दीजिए, वह तुरंत गीत बनाकर गाने लगते हैं। नाटक मंचन में भी उनकी अच्छी पकड़ है। उन्होंने अपनी नाटक मंडली बना रखी है और गीत-संगीत के माध्यम से समाज को जागरूक करते हैं। संगीत और नाटक के क्षेत्र में उन्हें कई जिला एवं राज्य स्तरीय पुरस्कार भी मिल चुके हैं।

पांच भाषाओं में बोलने का हुनर

मैट्रिक पास नहीं कर सके, लेकिन बनारसी आलम भोजपुरी, हिंदी, मगही, मैथिली और बांग्ला भाषा में अच्छी पकड़ रखते हैं। मगही क्षेत्र में रहते हुए भोजपुरी सीखी, मैथिली भाषी इलाकों में रहने से मैथिली और पश्चिम बंगाल में प्रवास के दौरान बांग्ला सीख ली। उनका भाषाई ज्ञान किताबों से ज्यादा अनुभव और अलग-अलग जगहों पर रहने से विकसित हुआ है।

करीब 70 वर्ष की उम्र में भी उनकी कल्पनाशक्ति और गायन प्रतिभा कम नहीं हुई है। वह महादलित समाज के लोगों को जागरूक करने, शिक्षा के प्रति प्रेरित करने और सामाजिक बदलाव के लिए गीतों व नाटकों का सहारा लेते हैं। जमीन दिलाने से लेकर समाज के अधिकारों के लिए भी संघर्ष करते रहे हैं।

भिखारी ठाकुर और विदेशिया से जुड़ी पारिवारिक विरासत

बनारसी आलम बताते हैं कि उनके पिता सारंगी बजाते थे। उस दौर में भिखारी ठाकुर और विदेशिया की खूब चर्चा थी। इसी से प्रेरित होकर पिता ने उनका नाम बनारसी और भाई का नाम भिखारी भुईया रखा था। किशोरावस्था से ही संगीत में रुचि रही, लेकिन पढ़ाई में मैट्रिक पास नहीं कर सके। जेपी आंदोलन के प्रति भी उनकी गहरी श्रद्धा रही है। वह प्रकृति प्रेमी हैं और अपने घर के आसपास फूल-पौधे लगाकर बागवानी करते हैं। उनका मानना है कि मानव-मानव एक समान है, किसी पर जुल्म नहीं होना चाहिए और इंसान का असली परिवर्तन विचार से होता है। बनारसी आलम की कहानी सिर्फ नाम बदलने की नहीं, बल्कि सामाजिक उपेक्षा के बीच अपनी पहचान बनाने, कला के दम पर सम्मान हासिल करने और बिना बड़ी डिग्री के भी प्रतिभा व ज्ञान की मिसाल बनने की कहानी है।

  

Related Articles

Post a comment