रानीपतरा में भीषण सड़क हादसा, तीन बार पलटी खाकर हाईवे पर गिरी स्कॉर्पियो, चालक सुरक्षित
- by Raushan Pratyek Media
- 26-Nov-2026
- Views
रानीपतरा में मौत को छूकर निकली स्कॉर्पियो! तीन बार पलटी खाकर हाईवे पर गिरी, वाहन के उड़े परखच्चे
पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले में बुधवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रानीपतरा स्थित प्राकृतिक चिकित्सालय के सामने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मोटरसाइकिल चालक को बचाने के प्रयास में स्कॉर्पियो सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन तीन बार पलटी खाते हुए कटिहार-पूर्णिया नेशनल हाईवे-131ए पर जा गिरा। हादसे में स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि वाहन में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था।
मोटरसाइकिल चालक को बचाने में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो चालक पंकज कुमार मंडल, निवासी पिपरा गांव, बियारपुर पंचायत, अपने घर से एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकला था। इसी दौरान रानीपतरा प्राकृतिक चिकित्सालय के सामने सर्विस रोड पर अचानक एक मोटरसाइकिल चालक सामने आ गया।
मोटरसाइकिल चालक को बचाने के प्रयास में स्कॉर्पियो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद वाहन तीन बार पलटी खाते हुए सीधे कटिहार-पूर्णिया नेशनल हाईवे-131ए पर जा गिरा।
स्थानीय लोगों ने चालक को वाहन से बाहर निकाला
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो से चालक को बाहर निकाला। हालांकि, कुछ देर बाद चालक मौके पर मौजूद नहीं मिला। वह कहां गया, इस संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी।
एनएचएआई की टीम ने संभाला यातायात
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पेट्रोलिंग पदाधिकारी ललन कुमार ने बताया कि टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और सड़क पर आवागमन सुचारू कराया। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को मुफस्सिल थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
ड्रिंक एंड ड्राइव की आशंका, प्राथमिकी की तैयारी
एनएचएआई के पेट्रोलिंग पदाधिकारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया दुर्घटना के पीछे ड्रिंक एंड ड्राइव की आशंका जताई जा रही है। इस मामले में स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 11 PB 7393 बताया गया है। फिलहाल हादसे के बाद चालक के मौके से गायब होने और दुर्घटना के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
इस भीषण हादसे में स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन गनीमत रही कि कोई बड़ा जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।


Post a comment