निशांत कुमार को पीएम मोदी ने गले लगाया तो बोले श्रवण कुमार- युवा सम्राट के प्रति दिखाया अपनापन

पीएम मोदी ने निशांत कुमार को गले लगाया तो बोले श्रवण कुमार- युवा सम्राट के प्रति दिखाया अपनापन, यूपी चुनाव भी लड़ेगी जदयू

पटना: नीतीश सेतु के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को गले लगाने के बाद बिहार की राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। इस पर बिहार सरकार में जदयू कोटे से मंत्री श्रवण कुमार ने प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जिस तरह निशांत कुमार को गले लगाया, उससे उनके प्रति प्यार और अपनापन साफ दिखाई देता है।

श्रवण कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमारे युवा सम्राट निशांत कुमार को कितना प्यार करते हैं और उनके प्रति कितना अपनापन रखते हैं, यह उनके व्यवहार से जाहिर होता है। उन्होंने कहा कि हम प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हैं कि उन्होंने हमारे युवा सम्राट को अपनाया और उनके प्रति अपना स्नेह प्रदर्शित किया।

राजद कार्यकर्ताओं पर साधा निशाना

नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वहां से रवाना होने पर राजद कार्यकर्ताओं द्वारा उनके पोस्टर फाड़े जाने के मामले पर भी श्रवण कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि राजद कार्यकर्ताओं के पास हंगामा करने के अलावा और क्या काम है। उनका यही चाल, चरित्र और व्यवहार उन्हें विधानसभा चुनाव में 25 सीटों तक लेकर आया। श्रवण कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनका यही रवैया जारी रहा तो बिहार की जनता सब देख रही है और आने वाले समय में उन्हें शून्य पर लाकर खड़ा कर सकती है।

सुरजेवाला के बयान पर बोले- आगे देखेंगे

कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला द्वारा जदयू को लेकर दिए गए बयान पर भी श्रवण कुमार ने प्रतिक्रिया दी। सुरजेवाला ने आशंका जताई थी कि यदि इसी तरह राजनीतिक परिस्थितियां बनी रहीं तो आने वाले दिनों में भाजपा जदयू को खत्म कर सकती है।

इस पर श्रवण कुमार ने कहा कि जो चीज आगे आएगी, उसे उस समय देखा जाएगा। फिलहाल सब कुछ अच्छा चल रहा है। उन्होंने इस मुद्दे पर ज्यादा टिप्पणी करने से परहेज किया।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरेगी जदयू

मंत्री श्रवण कुमार ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जदयू के उतरने को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जदयू इस बार उत्तर प्रदेश के चुनाव में पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी।

उन्होंने कहा कि वे लोग किसी मंदिर के साधु-संत या महंत नहीं हैं, बल्कि सार्वजनिक जीवन में राजनीति करने के लिए आए हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश के चुनाव में भाग लेना पार्टी का फैसला है। श्रवण कुमार ने कहा कि जदयू के पास नीतीश कुमार जैसे बड़े नेता और चेहरा मौजूद हैं। जब पार्टी के पास इतना बड़ा नेतृत्व है तो कार्यकर्ता चुनाव क्यों नहीं लड़ेंगे?

हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में जदयू कितनी सीटों पर और किन क्षेत्रों से चुनाव लड़ेगी, इसका अंतिम फैसला पार्टी के वरिष्ठ नेता करेंगे। सीटों की संख्या और चुनावी रणनीति को लेकर अभी निर्णय होना बाकी है।

राजद पर कानून-व्यवस्था को लेकर भी हमला

श्रवण कुमार ने राजद कार्यकर्ताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास हंगामा करने और तरह-तरह की बातें करने के अलावा कोई काम नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर वे कानून नहीं तोड़ेंगे तो फिर कानून कौन तोड़ेगा?

मंत्री के इस बयान से साफ है कि नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद बिहार में एनडीए और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। प्रधानमंत्री मोदी और निशांत कुमार की मुलाकात से लेकर राजद कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन और जदयू की उत्तर प्रदेश चुनावी तैयारी तक, श्रवण कुमार ने कई मुद्दों पर अपनी पार्टी का पक्ष रखा।

  

Related Articles

Post a comment