100 पीएम ई-बसें इस महीने अंत तक पहुंचेंगी पटना, आरएफपी जल्द तैयार कर बिडिंग प्रक्रिया शुरू करने का दिया निर्देश
- by Manjesh Kumar
- 18-Jul-2026
- Views
परिवहन विभाग ने 31 डिपो निर्माण पर भी की समीक्षा बैठक
पटना: बिहार में पर्यावरण अनुकूल और इलेक्ट्रिक सार्वजनिक परिवहन को गति मिलने जा रही है। इस महीने के अंत तक लगभग 100 पीएम ई-बसें बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) को मिल जाएंगी। बीते दिनों बस कंपनी ग्रीनसेल मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने परिवहन विभाग और निगम के प्रशासक अतुल वर्मा से मुलाकात कर इसकी जानकारी दी। इस दौरान पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड के तहत निगम की 31 बस डिपो के पुनर्विकास पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी हुई। बैठक में डिपो के पुनर्विकास के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) तैयार करने की प्रगति और इसके रोडमैप की विस्तृत समीक्षा हुई। प्राइस वाटरहाउस कूपर्स (पीडब्ल्यूसी) को निर्देश दिया गया कि पुनर्विकास के लिए आरएफपी को शीघ्र तैयार किया जाए ताकि बिडिंग प्रक्रिया जल्द शुरू हो सके।
निगम के प्रशासक अतुल वर्मा ने बैठक में सभी आवश्यक जानकारी और पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने डिपो पुनर्निर्माण परियोजना और पीएम ई-बस सेवा योजना दोनों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। बैठक के समापन पर सभी संबंधित पक्षों को इन महत्वपूर्ण पहलों को तेजी से लागू करने के लिए बेहतर समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, पीडब्ल्यूसी और ग्रीनसेल मोबिलिटी के प्रतिनिधि शामिल थे।


Post a comment