बाढ़ के दौरान लापरवाही पर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति, उप मुख्यमंत्री ने कहा 'अधिकारियों पर हुई कार्रवाई'

पटना: पड़ोसी देश नेपाल और देश में पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश की वजह से बिहार के कई जिले बाढ़ से प्रभावित हुआ। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राज्य की सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर राहत की भरपूर कोशिश की और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। इस दौरान बाढ़ से बचाव और राहत कार्यों में लापरवाही बरतने वाले सरकारी अधिकारी और कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई भी की गई। लापरवाही करने वाले कई कर्मियों को सरकार ने निलंबित कर दिया।

मामले को लेकर मीडिया से बात करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि  बाढ़ और आपदा की स्थिति में लापरवाही को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मीडिया के जरिए जब भी किसी इलाके में परेशानी, अव्यवस्था या लापरवाही की जानकारी सामने आती है, तो अधिकारियों को मौके पर भेजकर स्थिति की निगरानी कराई जाती है। समीक्षा के बाद लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई भी की गई है। बाढ़ जैसी संवेदनशील परिस्थितियों में सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करती है। किसी भी स्तर पर लापरवाही से दुर्घटना या बड़ा जोखिम पैदा हो सकता है, इसलिए अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि गंभीर परिस्थितियों में थोड़ी भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री ने मीडिया के सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि जिन इलाकों में लोगों की परेशानी या किसी तरह की अनियमितता सामने आती है, मीडिया के जरिए जानकारी मिलने पर विभाग के अधिकारी तत्काल उसका संज्ञान लेते हैं। इसके बाद स्थिति की समीक्षा और मॉनिटरिंग की जाती है। समीक्षा के दौरान सामने आई लापरवाही के मामलों में विभाग ने अधिकारियों पर कार्रवाई की है। साथ ही अधिकारियों को यह भी स्पष्ट कर दिया गया है कि भविष्य में संवेदनशील परिस्थितियों में अगर किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो विभाग कार्रवाई करेगा। फिलहाल बाढ़ की स्थिति सामान्य होती दिखाई दे रही है और अगर मौसम अनुकूल रहा तो राज्य जल्द ही बाढ़ के इस दौर से बाहर निकलने की स्थिति में होगा।

उन्होंने कहा कि सरकार संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानियों को लेकर गंभीर है और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए दिए गए सरकारी निर्देशों के पालन में किसी भी तरह की कोताही को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

  

Related Articles

Post a comment