मां को बचाने के लिए बेटे ने कर दी अपने पिता की हत्या, पुलिस ने लिया हिरासत में...

कटिहार: कटिहार के आजमनगर थाना क्षेत्र के अमरसिंहपुर पंचायत अंतर्गत बोला टोला वार्ड संख्या-9 में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां घरेलू विवाद के दौरान एक पुत्र ने अपने ही पिता की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही आजमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पुत्र को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान चंदन सिंह उमर 43 वर्ष के रूप में हुई है।

मृतक की पत्नी सविता देवी ने बताया कि उनके पति रोज शराब के नशे में घर लौटकर उनके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करते थे। घटना की रात भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ। जब उनका 20 वर्षीय पुत्र सुदामा सिंह अपनी मां का बचाव करने पहुंचा तो पिता-पुत्र के बीच कहासुनी बढ़ गई। इसी दौरान बेटे ने पिता के हाथ से लाठी छीन ली और गुस्से में उनके सिर पर वार कर दिया। चोट लगने से चंदन सिंह सड़क पर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही आजमनगर थाना पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने जख्मी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आजमनगर पहुंचाया डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान पुलिस ने आरोपी बेटे को भी हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है जबकि गिरफ्तार आरोपी को जेल भेजने की तैयारी में जुट गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

  

Related Articles

Post a comment