श्रावणी मेला के अवसर पर भागलपुर में ड्रोन शो का सीएम ने किया उद्घाटन, कहा यह आस्था का संगम
- by Manjesh Kumar
- 23-Aug-2026
- Views
भागलपुर: सुल्तानगंज के धांधी बेलारी में श्रावणी मेला 2026 के मौके पर भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से ड्रोन शो का उद्घाटन किया। आसमान में भगवान शिव, बाबा अजगैबीनाथ समेत कई धार्मिक और सांस्कृतिक आकृतियों ने श्रद्धालुओं और दर्शकों का मन मोह लिया। खास बात ये रही कि ड्रोन शो में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तस्वीर भी आसमान में दिखाई दी, जिसे देखकर मुख्यमंत्री मुस्कुराते नजर आए। उन्होंने काफी देर तक वर्चुअल माध्यम से ड्रोन शो का लुत्फ उठाया और आम जनमानस को भी संबोधित किया। सुल्तानगंज के धांधी बेलारी में श्रावणी मेला के मौके पर आयोजित इस ड्रोन शो में आस्था और आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम देखने को मिला। शाम होते ही आसमान में ड्रोन की रोशनी से अलग-अलग आकृतियां बनने लगीं। भगवान शिव, बाबा अजगैबीनाथ और धार्मिक-सांस्कृतिक प्रतीकों को ड्रोन के जरिए आसमान में उकेरा गया। रंग-बिरंगी रोशनी से सजा आसमान श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से इस भव्य ड्रोन शो का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री काफी देर तक वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे और ड्रोन शो का आनंद लेते नजर आए। ड्रोन के जरिए जब आसमान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तस्वीर दिखाई गई तो अपनी तस्वीर देखकर मुख्यमंत्री मुस्कुराए। इस दौरान उन्होंने आम जनमानस को संबोधित भी किया। ड्रोन शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आम लोग धांधी बेलारी पहुंचे थे। आसमान में एक के बाद एक बनती धार्मिक और सांस्कृतिक आकृतियों को देखकर लोग उत्साहित नजर आए। पूरे परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के मंत्री कुमार शैलेन्द्र, सुल्तानगंज विधायक ललित नारायण मंडल और भागलपुर विधायक रोहित पांडेय भी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने भी इस अनूठे आयोजन का आनंद लिया। बाबा अजगैबीनाथ की पावन नगरी सुल्तानगंज में आयोजित इस ड्रोन शो ने श्रावणी मेला की भव्यता में एक नया रंग जोड़ दिया। धार्मिक आस्था, आध्यात्मिकता और बिहार की सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़कर पेश किया गया यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण रहा। श्रावणी मेला के दौरान सुल्तानगंज आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह ड्रोन शो एक यादगार अनुभव बन गया। आसमान में जगमगाती आकृतियों और रोशनी ने न सिर्फ लोगों का मनोरंजन किया, बल्कि बाबा अजगैबीनाथ की नगरी में आस्था और आधुनिकता के अनूठे संगम की तस्वीर भी पेश की।


Post a comment