भागलपुर में काली मंदिर में बड़ी चोरी, मां काली की प्रतिमा और 24 किलो चांदी के आभूषण ले उड़े चोर

भागलपुर: भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र स्थित शाहपुर गांव के प्रसिद्ध काली मंदिर में देर रात हुई चोरी की बड़ी वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोर मंदिर में स्थापित मां काली की प्रतिमा और करीब 24 किलो चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान में लगभग 11 किलो वजनी मां काली की प्रतिमा, 11 चांदी के झाप जिनका कुल वजन करीब 8 किलो तथा दो चांदी के मुकुट शामिल हैं, जिनका वजन लगभग 5 किलो बताया जा रहा है। सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला और प्रतिमा व आभूषण गायब थे। सूचना मिलते ही मंदिर समिति और ग्रामीण मौके पर जुट गए, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में रात करीब 1:45 बजे एक संदिग्ध युवक मंदिर परिसर में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। पहले उसने मुख्य गेट का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं होने पर बालकनी के रास्ते मंदिर के अंदर घुस गया। इसके बाद उसने प्रतिमा और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी भागता हुआ भी दिखाई दिया है। फुटेज में एक हरे रंग का सीएनजी ऑटो भी नजर आया है, जिससे पुलिस को चोरी में उसके इस्तेमाल की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही नाथनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अपर थानाध्यक्ष नईम अहमद ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईयू, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को जांच में लगाया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। मंदिर में हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और जल्द खुलासे की मांग की जा रही है।

  

Related Articles

Post a comment