पटना में कैबिनेट मंत्री के घर बड़ी चोरी, चार कमरों के ताले तोड़कर लाखों के जेवरात और कीमती सामान ले उड़े चोर
- by Manjesh Kumar
- 15-Nov-2026
- Views
पटना: बिहार की राजधानी पटना में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। इस बार चोरों ने किसी आम व्यक्ति के घर को नहीं, बल्कि सम्राट सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय सिंह टाइगर के निजी आवास को निशाना बनाया है। मामला पटना के एजी कॉलोनी इलाके का है। जानकारी के मुताबिक, छठ पर्व मनाने के लिए मंत्री संजय सिंह टाइगर का परिवार घर से बाहर गया हुआ था। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने वहां धावा बोल दिया और चार कमरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और कई अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। चोरी का खुलासा उस वक्त हुआ, जब परिवार के सदस्य दिन में वापस अपने आवास पहुंचे। घर के अंदर चार कमरों के ताले टूटे देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। जब सामान की जांच की गई तो कई कीमती चीजें गायब मिलीं। घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई।
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि कुछ संदिग्ध गतिविधियां कैमरे में कैद हुई हैं। इन्हीं फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।


Post a comment