रोहतास में पुलिसकर्मियों से भरी बस में ट्रक ने मारी टक्कर, एक दर्जन से अधिक जख्मी
- by Manjesh Kumar
- 23-Jun-2026
- Views
रोहतास: रोहतास में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया जिसमें 11 महिला पुलिसकर्मी समेत एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया वहीं स्थानीय लोगों ने आनन फानन में सभी को अस्पताल पहुंचाया। घटना रोहतास के सांझौली थाना क्षेत्र के आरा सासाराम मुख्य मार्ग पर सिकटी गांव के समीप की है। बताया जा रहा है कि एफसीआई का चावल लदा ट्रक और पुलिसकर्मियों से भरी एक बस की टक्कर हो गई जिसमें एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी जख्मी हो गए।
जानकारी के अनुसार बिहार पुलिस की एक कंपनी बेगूसराय से डेहरी मुख्यालय जा रही थी। इसी दौरान सिकठी गांव के पास तेज रफ्तार एफसीआई ट्रक ने पीछे से पुलिस बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे जवान अपनी सीटों से उछल गए। हादसे में घायल पुलिसकर्मियों में शंकर हांसदा, उमेश पासवान, सविता कुमारी, सुजाता देवी, पूजा कुमारी, अमृता कुमारी, लाडली कुमारी, अन्नपूर्णा कुमारी, फुला कुमारी, नंदनी कुमारी, प्रियंका कुमारी, सलोनी कुमारी, रिंकू कुमारी और कृष्ण मुरारी शामिल हैं।
घटना के बाद सभी घायलों को नोखा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं। हालांकि महिला पुलिसकर्मी नंदनी कुमारी के दांत में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल रेफर किया गया है। बाकी सभी घायल जवानों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। बिक्रमगंज के एसडीएम प्रभात कुमार ने बताया कि पुलिस बस अपने निर्धारित गंतव्य की ओर जा रही थी। उसी दौरान पीछे से आ रहे एफसीआई ट्रक ने बस में टक्कर मार दी, जिससे यह दुर्घटना हुई। मामले की जांच की जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
बिक्रमगंज एसडीएम के अलावा नोखा बीडीओ, सीओ, संझौली और नोखा थानाध्यक्ष भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। नोखा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी अजय प्रताप ने बताया कि सभी घायल पुलिसकर्मी खतरे से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश जवानों को हल्की चोटें आई हैं और उनका इलाज कर दिया गया है। केवल एक महिला पुलिसकर्मी को अतिरिक्त उपचार के लिए सासाराम भेजा गया है।


Post a comment