गया जी में निगरानी की बड़ी कार्रवाई, केस से नाम हटाने के नाम पर घूस लेते चौकीदार गिरफ्तार

गया जी: बिहार में भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। एक बार फिर निगरानी विभाग ने गया जी में बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी की टीम ने गया जी में छापेमारी कर एक चौकीदार को घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चौकीदार की पहचान मनीष कुमार के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि केस से नाम हटाने के एवज ने चौकीदार ने घूस की मांग की थी जिसकी शिकायत के बाद निगरानी की टीम ने जाल बिछा कर गिरफ्तार कर लिया। 

निगरानी विभाग के डीएसपी समीर चंद्र झा ने बताया कि बेलागंज थाना में दर्ज जमीन विवाद से संबंधित एक मामले में चौकीदार ने रविंद्र यादव के पुत्र का नाम केस से हटाने के एवज में कुल 12 हजार रुपये रिश्वत मांग की थी। आरोप है कि 3 हजार रुपये पहले ही लिए जा चुके थे, जबकि शेष 9 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। डीएसपी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि मामले के अनुसंधानकर्ता एएसआई अशोक कुमार के कहने पर चौकीदार पैसे ले रहा था। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को पटना ले जाया गया है तथा पूरे मामले की गहन जांच जारी है। दोषी पाए जाने वाले अन्य लोगों पर भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गयाजी में निगरानी की इस कार्रवाई के बाद सरकारी महकमे समेत पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया। फिलहाल निगरानी की टीम गिरफ्तार चौकीदार को अपने साथ लेकर चली गई। विभागीय अधिकारी अब उससे पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रहे हैं। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रिश्वतखोरी के इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। निगरानी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

  

Related Articles

Post a comment