सीमांचल के दूरदराज इलाको में ग्रामीण चिकित्सक हैं लोगों की बड़ी उम्मीद, एसोसिएशन ने सरकार से की नियुक्ति की मांग
- by Manjesh Kumar
- 19-May-2026
- Views
पूर्णिया: पूर्णिया के लाइन बाजार स्थित निजी हॉस्पिटल परिसर में ग्रामीण चिकित्सक एसोसिएशन के बैनर तले प्रशिक्षित ग्रामीण चिकित्सकों के स्वास्थ्य विभाग में नियोजन की मांग को लेकर संकल्प यात्रा कार्यक्रम आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंशु तिवारी ने की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अंशु तिवारी ने कहा कि प्रशिक्षित ग्रामीण चिकित्सक वर्षों से गांव-देहात में स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं। सीमांचल समेत राज्य के दूरदराज क्षेत्रों में जहां आज भी स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी है, वहां ग्रामीण चिकित्सक आम लोगों के लिए पहली उम्मीद बने हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार को इन चिकित्सकों के अनुभव, प्रशिक्षण और सेवा को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग में समायोजन एवं नियोजन की दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर स्वास्थ्य विभाग को आवेदन भी सौंपा गया है। आवेदन में प्रशिक्षित ग्रामीण चिकित्सकों को मान्यता देने, नियोजन की प्रक्रिया शुरू करने और ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की गई है। कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में प्रशिक्षित ग्रामीण चिकित्सकों की अहम भूमिका रही है। कोरोना काल सहित कई आपात परिस्थितियों में भी इन चिकित्सकों ने लोगों तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का कार्य किया।
इस मौके पर संगठन के जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी पीयूष दास समेत कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठन ने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग करते हुए आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी भी दी।


Post a comment