आपराधिक घटना को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने दबोचा, हथियार भी हुआ बरामद
- by Manjesh Kumar
- 17-Jun-2026
- Views
कटिहार: कटिहार जिले के सेमापुर थाना क्षेत्र में अपराध की योजना बना रहे एक युवक को पुलिस ने अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर बड़ी वारदात को टाल दिया। सेमापुर ओपी अध्यक्ष रमाशंकर कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 जून की रात गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि कावर महंत बाबा स्थान के समीप एक युवक किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए ओपी अध्यक्ष रमाशंकर कुमार ने तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमारी शुरू की। पुलिस टीम को देखते ही संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान बरारी थाना क्षेत्र के कुड़िया निवासी रोहित कुमार के रूप में की गई। पुलिस की गई तलाशी में उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध बरारी थाना में पहले से मामले दर्ज है, जिसमें कई गंभीर धाराएं लगी हुई हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बड़ी वारदात की आशंका टली
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो आरोपी किसी गंभीर आपराधिक घटना को अंजाम दे सकता था। गुप्त सूचना पर की गई त्वरित कार्रवाई से संभावित अपराध को रोका जा सका। सेमापुर ओपी अध्यक्ष रमाशंकर कुमार ने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी सूरत में कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।


Post a comment