देवघर से जल चढ़ा लौट रहे कांवरियों की बस क्रेन से टकराई, एक की मौत कई जख्मी
- by Manjesh Kumar
- 14-Aug-2026
- Views
पटना: बख्तियारपुर-पटना हाईवे पर सड़क दुर्घटना में एक कांवरिए की मौत हो गई, जबकि दूसरा कावरिया गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा खुसरुपुर और फतुहा थाना क्षेत्र की सीमा रेखा पर पंगघत होटल के पास हुआ। कावरियों से भरी बस की एक क्रेन से टक्कर के बाद यह दुर्घटना हुई। बताया जाता है कि एक बस पर सवार करीब 30 कावरियों का समूह बाबा धाम गया था। सभी लोग राजगीर होते हुए अपने गांव छपरा लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर बस की क्रेन से टक्कर हो गई। हादसे में छपरा के ग्यासपुर, तेहटी रसुलपुर निवासी 28 वर्षीय शिवपूजन राय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, छपरा के अमनौर थाना क्षेत्र के कासिमपुर गांव निवासी 60 वर्षीय राजदेव सिंह घायल हो गए।
घायल कावरिया को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए पटना भेजा गया। हादसे के बाद आक्रोशित कांवरियों ने बस को हाईवे पर खड़ा कर दिया और आवागमन बाधित कर दिया। करीब दो घंटे तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलते ही खुसरुपुर थानेदार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


Post a comment